विकास कुमार/न्यूज 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मददाबाद गांव में 20 वर्षीय अफसाना परवीन की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में उसके पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रऊफ अंसारी 50 वर्ष और जुही परवीन 35 के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, मृतका की बहन अजमेरी बीबी ने थाने में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि पिता और सौतेली मां मृतका के साथ लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करते थे. शिकायत में यह भी कहा गया कि घटना से एक रात पहले अफसाना ने फोन और मोबाइल संदेश के माध्यम से अपनी परेशानी की जानकारी बहन और बहनोई को दी थी. उसने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर लेने की बात भी कही थी. आवेदन के आधार पर हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 223/26, धारा 108/35(3) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया. इसी क्रम में दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस मामले में अन्य साक्ष्य जुटा रही है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है.
पलामू पुलिस ने की आम लोगों से अपील
पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना जैसी घटनाओं को गंभीरता से लें. यदि कोई व्यक्ति प्रताड़ित हो रहा है या आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात कह रहा है, तो तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को सूचना दें. पीड़ित को अकेला न छोड़ें और ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज न करें. समय पर सूचना देकर किसी अनमोल जीवन को बचाया जा सकता है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू ने की शिष्टाचार मुलाकात