राजन पाण्डेय/न्यूज11 भारत
चैनपुर/डेस्क: चैनपुर थाना पुलिस ने मानवीय संवेदना और पेशेवर तत्परता का परिचय देते हुए बुटबारी से लापता हुए बालक बंटी साहू को शनिवार को गुमला से सकुशल बरामद कर लिया है. 5 दिनों से अपने लाल की राह देख रहे माता-पिता को जब पुलिस ने उनका बच्चा सौंपा, तो उनकी आँखों में खुशी के आँसू छलक पड़े.स्कूल जाने के बहाने निकला था बालक मिली जानकारी के अनुसार, घाघरा थाना क्षेत्र के ग्राम नवनी पोस्ट: हुटार निवासी राजेश साहू का पुत्र बंटी साहू पिछले कुछ समय से चैनपुर के बुटबारी स्थित अपनी मौसी के घर पर रह रहा था.
बीते 28 अप्रैल को वह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, पर उसका कोई सुराग नहीं मिला. इस बीच पता चला कि वह अपने दोस्त नीरज कुमार के साथ कुरूमगड़ गया था और फिर वहां से गुमला चला गया.लापता होने के बाद बंटी गुमला के गोपाल मंदिर के समीप स्थित एक फूलों की दुकान में बुधवार से काम कर रहा था. शनिवार को जब बच्चे के लापता हुए पांच दिन बीत गए, तो परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही थी.
इसी दौरान फूल दुकान के संचालक ने पुलिस को बालक के वहां होने की सूचना दी.सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और बालक को अपनी सुरक्षा में ले लिया. जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने भी इस मामले में सक्रियता दिखाते हुए स्कूल स्तर और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई थी. बालक के मिलने के बाद उन्होंने परिजनों और बच्चे से बात कर उनका ढांढस बंधाया.शनिवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बंटी को उसके पिता राजेश जायसवाल और मां किरण देवी को सौंप दिया. अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार और पूरी पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई के लिए उनका सहृदय धन्यवाद किया और आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें: चैनपुर ब्लॉक के पास अज्ञात बाइक की टक्कर से 15 वर्षीय छात्रा गंभीर, रिम्स रेफर