न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है, जहाँ सांगबार पंचायत के टोली गांव में एक 65 वर्षीय वृद्ध ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है. इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
मृतक की पहचान टोली गांव निवासी इंद्रदेव महतो (65 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, यह घटना गुरुवार सुबह लगभग 4 बजे की है. इंद्रदेव महतो ने घर के पास स्थित अमरूद के पेड़ में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. जब सुबह परिवार के सदस्यों की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी, तो घर में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय लेस्लीगंज थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव को पेड़ से नीचे उतारा और अपने कब्जे में ले लिया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच (MMCH) भेज दिया गया है.
इंद्रदेव महतो ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. परिजनों का भी कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि वे ऐसा कुछ कर सकते है. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी. इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में वृद्धों की मानसिक स्थिति और उनके प्रति सामाजिक संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए है. वर्तमान में मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़े: हुसैनाबाद में सड़क किनारे टूटी रेलिंग बनी हादसे का खतरा, जल्द ठीक कराने की मांग