मुमताज अहमद/न्यूज़ 11 भारत
खलारी/डेस्क: विश्व रक्तदाता दिवस के पूर्व आयोजित रक्तदान शिविर में खलारी प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में 50 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की. शिविर का उद्घाटन अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रणव अम्बष्ट एवं खलारी थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.
इस अवसर पर अंचल अधिकारी प्रणव अम्बष्ट ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है. रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि रक्तदाता भी स्वस्थ रहता है. उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की.
शिविर में रिम्स ब्लड बैंक की टीम ने डॉ. उमेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सुरक्षित रक्त संग्रह किया. बताया गया कि गर्मी के मौसम में ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को देखते हुए रिम्स ब्लड बैंक के आग्रह पर 'रक्तदान महादान टीम' एवं 'लापता हेल्प डेस्क' की इकाई द्वारा इस शिविर का आयोजन किया गया था.
शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई. आयोजन के सफल संचालन में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मौके पर पुलिस उपाधीक्षक रामनारायण चौधरी, डॉ. इरशाद आलम, पंकज प्रसाद, मुन्नु शर्मा, मुखिया पुतुल देवी, तेजी किस्पोट्टा, मलका मुंडा, शैलेश सिंह, आलोक चौहान, दीपक प्रसाद, संतोष सिंह, बीपीओ विनय कुमार, आदित्यनाथ झा, विकास कुमार, योगेश कुमार, अभिषेक चौहान, संजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: राधा कृष्ण किशोर ने पुलिस जवानों को दी राहत सामग्री, विधायक कोटे से वितरण