संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के राज्य सचिव सह पूर्व जिलाध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से शिष्टाचार मुलाकात की. यह मुलाकात संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. मुलाकात के दौरान बिट्टू पाठक ने प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो भी दायित्व सौंपा गया है उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव के साथ निभाएंगे. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी और इसके लिए वे लगातार कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते रहेंगे.
इस विशेष अवसर पर उन्होंने पलामू जिले की राजनीतिक गतिविधियों, संगठन की वर्तमान स्थिति तथा स्थानीय स्तर पर पार्टी की मजबूती से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी और फीडबैक प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा. इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी अपने कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए.
पूर्व जिलाध्यक्ष सह राज्य सचिव बिट्टू पाठक ने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और एकजुटता से ही संगठन को नई ऊर्जा मिलती है. उन्होंने संकल्प दोहराया कि सभी को एक ही लक्ष्य के उद्देश्य के साथ काम करना है ताकि साल 2029 में देश में कांग्रेस की सरकार बने और देश के प्रधानमंत्री राहुल गांधी बनें. मुलाकात के अंत में उन्होंने प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन के हित में लगातार सक्रिय रहने की बात दोहराई.
यह भी पढ़ें: कुकड़ू प्रखंड की उपेक्षा पर राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग, ईमेल के माध्यम से भेजा गया ज्ञापन : विद्रोही बिष्णु