न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए बड़ा निशाना साधा. आदित्य साहू ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के इशारे पर सुनियोजित षड्यंत्र के तहत जिस प्रकार का आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ( एआई) के अंतरराष्ट्रीय समिट में कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेताओं के द्वारा किए गए नग्न प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को धूमिल किया है. कहा कि कांग्रेस पार्टी के डीएनए में ही भारत का विरोध है.देश विभाजन को स्वीकार करने से लेकर आज तक कांग्रेस का इतिहास भारत के विरोध से भरा पड़ा है.
आदित्य साहू ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने नीचता की हद पार कर दी. उन्होंने कहा कि जिस सम्मेलन में आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भारत की बदलती छवि, प्रसिद्धि ,संभावनाओं पर दुनिया गर्व कर रही उस स्थान पर कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के द्वारा छद्म प्रतिनिधि के रूप में घुसकर नग्न प्रदर्शन करना यह बतलाता है कि कांग्रेस पार्टी को भारत की प्रगति पसंद नहीं.
उन्होंने कहा कि इसके पहले भी विदेश की धरती पर भारत की छवि को खराब करने में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है. कहा कि चाहे पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक हो, या एयर स्ट्राइक कांग्रेस पार्टी भारत की सेना पर सवाल खड़ा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. आदित्य साहू ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भी कांग्रेस पार्टी ने सवाल खड़ा किया. ये वही कांग्रेस है जो खून की दलाली की भाषा बोलती है. कहा कि आतंकवादियों,देश द्रोहियों को जी कहकर संबोधित करने वाली कांग्रेस पार्टी टुकड़े टुकड़े गैंग को खुल्लम खुल्ला समर्थन करती है. आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने राजशाही सोच से उबर नहीं रही है. सत्ता के बिना कांग्रेस देश द्रोही बन गई है. उन्होंने कांग्रेस पार्टी को देश की जनता से माफी मांगने,प्रायश्चित करने की मांग की.
ये भी पढ़ें- बिहार कैबिनेट की बैठक खत्म, 35 एजेंडों पर लगी मुहर, सोनपुर में बनेगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा