प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय के मुख्य बाजार स्थित सघन आबादी वाले क्षेत्र में संचालित देशी–विदेशी शराब दुकान लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. दुकान संचालक द्वारा बड़े-बड़े दीवार लेखन कर प्रचार किया जा रहा है, जिसे पढ़ते हुए स्कूलों के नौनिहाल व अन्य बच्चे रोजाना वहां से गुजरते हैं. इससे बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में गहराती जा रही है.
जानकारी के अनुसार शराब दुकान के समीप निजी स्कूल, राजकीय मध्य विद्यालय, ब्यूटी पार्लर तथा पंचमुखी मंदिर स्थित है. आदर्शनगर मोड़ क्षेत्र में स्थित यह दुकान बाजार के बीचों-बीच होने के कारण यहां से रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्र–छात्राएं एवं स्थानीय लोग गुजरते हैं. शराब दुकान के खुला प्रचार और भीड़-भाड़ के कारण महिलाओं और बच्चों को असहजता का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में यह शराब दुकान चारदीवारी के अंदर संचालित होती थी, जिससे आसपास के लोगों को कोई विशेष परेशानी नहीं होती थी. लेकिन नए वित्तीय वर्ष में ठेका बाहरी लोगों के पास चले जाने के बाद दुकान को खुले में सघन आबादी वाले बाजार क्षेत्र में संचालित किया जा रहा है, जिसके कारण लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं.
शराब दुकान के आसपास रहने वाले लोगों ने लातेहार उपायुक्त, उत्पाद अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए मांग की है कि शराब दुकान को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर किसी सुरक्षित और निर्जन स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि बच्चों, महिलाओं और आम लोगों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.
यह भी पढ़ें: बरवाडीह: ऐतिहासिक चपरी जतरा मेला 5 दिसंबर से, तैयारियां ज़ोरों पर शुरू