प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड में सिंह एचपी गैस एजेंसी की कार्यशैली को लेकर उपभोक्ता आक्रोशित नजर आए. उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग करने के 15 दिन बाद भी उन्हें घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड में डिलेवरी दिखा दी जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एचपी गैस एजेंसी कार्यालय में जांच टीम मौके पर पहुंची, जहां एचपी के सेल्स ऑफिसर कुणाल किशोर व एक अन्य अधिकारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से जांच की.
अधिकारियों ने सुनीं उपभोक्ताओं की शिकायतें
लगभग पांच घंटे तक चली जांच के दौरान कई उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी गईं. अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में इसे घोर लापरवाही का मामला बताते हुए संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई करने की बात कही.उपभोक्ताओं ने बताया कि 15 दिन पूर्व गैस सिलेंडर की बुकिंग की गई थी, लेकिन अब तक सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई. गैस नहीं मिलने से कई परिवारों के सामने भोजन बनाने की समस्या उत्पन्न हो गई है.
उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी का बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.जांच के दौरान एचपी गैस एजेंसी के संचालक संतोष सिंह के मौके पर मौजूद नहीं रहने को भी गंभीरता से लिया गया, जिससे उपभोक्ताओं में और नाराजगी देखी गई.
जनप्रतिनिधि ने मामले को कहा गंभीर
इधर पश्चिमी जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने पूरे मामले की शिकायत जिले के उपायुक्त को पत्र लिखकर करने की बात कही है और जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है.
वहीं भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने कहा कि यह एजेंसी की लगातार लापरवाही का परिणाम है. उन्होंने कहा कि डिलेवरी दिखाने के बाद भी गैस नहीं मिलना गंभीर मामला है. ऐसे में लापरवाह एजेंसी को बंद कर दूसरी एजेंसी को जिम्मेदारी देने की आवश्यकता है, क्योंकि हर बार उपभोक्ताओं को इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है.जांच के बाद एजेंसी प्रबंधन में हड़कंप का माहौल है, जबकि उपभोक्ता दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: गांडेय के कुंडलवादह में अवैध आरा मिल पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, मशीन व लकड़ी जब्त