प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बरवाडीह प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. मंगलवार को प्रशासन के नेतृत्व में पूरे शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया जा सके. फ्लैग मार्च में एसडीपीओ भरत राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह मजिस्ट्रेट रेश्मा रेखा मिंज, थाना प्रभारी अनुराग कुमार, एसआई एस.एन. ओझा, उपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे. मार्च आदर्शनगर से शुरू होकर मुख्य बाजार क्षेत्र, अंबेडकर चौक, कुटमु, सरईडीह, पोखरी होते हुए बेतला तक निकाला गया. इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की.
थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब के नशे में उत्पात मचाने या असामाजिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की. प्रखंड विकास पदाधिकारी सह मजिस्ट्रेट रेश्मा रेखा मिंज ने कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और आपसी सद्भाव का पर्व है. सभी लोग मिलजुलकर इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं. प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है. फ्लैग मार्च के दौरान बाजार क्षेत्र में पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ.
यह भी पढ़ें: होली पर्व को लेकर हुसैनाबाद में फ्लैग मार्च, शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील