न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: बरही थाना क्षेत्र के हजारीबाग रोड बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र से बरही में हुई बैंक डकैती कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों- पंकज, सौरभ और अफजल को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी यूपी एसटीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार देर रात वाराणसी के सारनाथ स्थित सिंहपुर इलाके से हुई.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 912.22 ग्राम सोना, 20 लाख रुपये नकद और डकैती में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई है. इन पर बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र से करीब 4 किलो सोना और 42 लाख रुपये की डकैती का आरोप है. गिरफ्तार आरोपियों को झारखंड पुलिस दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लेकर हजारीबाग लाई है. नियमानुसार, चार मई की शाम 5 बजे तक उन्हें वाराणसी के सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाना है. इस सफल ऑपरेशन में बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, बरही सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार, थाना प्रभारी विनोद यादव और चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी की अहम भूमिका रही, जिनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
यह भी पढ़े: चक्रधरपुर रेल डिवीजन में वंदे भारत यात्री ट्रेन में पथराव, मची अफरा-तफरी, रेलवे की जांच शुरू