न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: असम चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चुनावी रणनीति बनाने का दौर शुरू हो गया है. झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की को संगठन ने असम चुनाव में सीनियर ऑब्जर्बर के तौर पर महत्वपूर्ण जिम्मेवारी सौंपी है. इस बाबत बंधु तिर्की दिल्ली दौरा पर है. शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बंधु तिर्की की असम चुनाव को लेकर बैठक हुई. बंधु तिर्की ने बताया है कि असम चुनाव में कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनावी समर में उतरने की रणनीति बना चुकी है. असम के एक-एक विधानसभा सीट की सामाजिक-राजनीतिक और भौगोलिक पृष्ठभूमि के मद्दे नजर कांग्रेस ने रणनीति तैयार की है.
कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए है. उनके सुझाव को अमल करते हुए असम में नई ऊर्जा के साथ कांग्रेस जनता को गोलबंद करने में सफल रहेगी. खासकर असम के टी ट्राइब्स के मुद्दों को कांग्रेस प्रमुखता से उठाने का काम करेगी. चाहे वो उन्हें ST का दर्जा दिलाने की बात हो या उन्हें जमीन का पट्टा देने की बात हो. इसके साथ ही असम के स्थानीय सवालों और बीजेपी के द्वारा समाज को बांटने की साजिश के खिलाफ कांग्रेस जनता का समर्थन हासिल करने का प्रयास करेगी.
बंधु तिर्की ने दिल्ली में पश्चिम बंगाल के सीनियर ऑब्जर्बर प्रकाश जोशी, असम पीसीसी गौरव गोगई, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से मुलाकात की. कांग्रेस के तमाम वरीय नेताओं से आगामी चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है.
ये भी पढ़ें- BMC चुनाव में सत्ता परिवर्तन, ‘ठाकरे’ राज का अंत, बीजेपी-शिवसेना ने जीत दर्ज कर रचा इतिहास