न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: झाड़ग्राम के कलाबनी में आज बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यात्री बस और मालवाहक ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालकों समेत कुल 26 लोग घायल हो गये. दोनों चालकों की हालत गंभीर बतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, यात्री बस झिलिमिली से दीघा की ओर जा रही थी. इसी दौरान कलाबनी के पास सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.
घायलों में बस चालक भक्तरंजन पाल और ट्रक चालक मोहम्मद आसाम की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. वहीं, अन्य 24 घायलों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: बड़गाईं जमीन घोटाला: बिनोद कुमार सिंह को हाईकोर्ट से बड़ा झटका! क्रिमिनल रिवीजन याचिका ख़ारिज