गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 18 पर मुड़ाकाटी चौक के समीप मंगलवार शाम को हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में घायल बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। मुड़ाकाटी गांव निवासी सावना सोरेन (50) को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था, जिसके बाद इलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा में उनकी मृत्यु हो गई।वहीं परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को सावना सोरेन सड़क पार कर नहाने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर ही लहुलुहान होकर गिर पड़े और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने त्वरित और सराहनीय पहल की। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अपने ही पेट्रोलिंग वाहन में लादा और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बहरागोड़ा पहुंचाया।अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायल बुजुर्ग को बचाने का पूरा प्रयास किया और प्राथमिक उपचार शुरू किया। लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण, इलाज के दौरान ही सावना सोरेन ने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग जिले के संगठन को झारखंड में ही नहीं, बल्कि देश में अव्वल स्थान पर ले जायेंगे - किशुन दास