किशोर कुमार जायसवाल/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज में तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ, सिविल सर्जन कार्यालय एवं सदर अस्पताल गुमला के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम में जिला परामर्शदाता वंदना स्मिता होरो एवं फिजियोलॉजिस्ट सुमन कुल्लू ने तंबाकू से होने वाली गंभीर बीमारियों, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों तथा इसके सामाजिक नुकसान की जानकारी दी. उन्होंने झारखंड में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति और तंबाकू त्याग सहायता सेवाओं पर भी प्रकाश डाला.
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिबा नारायण साहू, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत कुमार शुक्ल तथा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े निदेशक अभिजीत कुमार ने युवाओं से तंबाकू से दूर रहने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को तंबाकू-मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई. कार्यक्रम ने “तंबाकू-मुक्त जीवन ही स्वस्थ जीवन है” का संदेश प्रभावी ढंग से प्रसारित किया.
यह भी पढ़ें: मार्शेलिंग यार्ड साइडिंग दुर्घटना: पीड़ित परिवार से मिले सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, बंधाया ढांढस