न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार भाजपा द्वारा झारखंड में "लोकतंत्र बचाओ - अराजकता हटाओ" अभियान के तहत व्यापक पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस अभियान की शुरुआत 2 नवंबर को रांची से होगी. दीपावली से पूर्व पहले चरण में छह जिलों में पदयात्रा निकाली जाएगी, जबकि छठ महापर्व के बाद शेष जिलों में कार्यक्रम आयोजित होंगे. प्रत्येक जिले में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं आम लोग शामिल होंगे. कार्यक्रमों की सफलता के लिए जिलावार प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई है.
मनोज सिंह ने बताया कि 2 नवंबर को रांची में आयोजित पदयात्रा के लिए प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह को प्रभारी बनाया गया है. 3 नवंबर को गिरिडीह में होने वाले कार्यक्रम के लिए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी तथा हजारीबाग के लिए पूर्व विधायक बिरंची नारायण प्रभारी होंगे. 4 नवंबर को पलामू में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा को जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, 5 नवंबर को जमशेदपुर में विधायक राज सिन्हा और दुमका में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा कार्यक्रम के प्रभारी बनाए गए हैं.
मनोज सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग एवं अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल खड़े करने की राजनीति का जवाब देना है. चुनाव में हार मिलने के बाद लोकतांत्रिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की हताशा और निराशा को दर्शाता है. देश की जनता अराजकता नहीं, बल्कि स्थिरता, सुशासन और विकास चाहती है.
उन्होंने कहा कि एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया के प्रति जनता को जागरूक किया जाएगा. मृत, स्थानांतरित, दोहरे एवं अपात्र मतदाताओं के नामों की जांच कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
मनोज सिंह ने कहा कि कांग्रेस आज लोकतंत्र और संविधान की दुहाई दे रही है, लेकिन देश आपातकाल के उस काले दौर को नहीं भूला है, जब तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलते हुए संविधान की मर्यादाओं को तार-तार किया था. गांधी परिवार ने हमेशा लोकतांत्रिक संस्थाओं से ऊपर परिवार को रखने की राजनीति की है. आज वही कांग्रेस चुनावी हार के बाद लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है.
उन्होंने कहा कि नेपाल और बांग्लादेश की घटनाओं के संदर्भ में भारत में तख्ता पलट की अराजक सोच रखने वालों को देश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी. भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कांग्रेस की इस दोहरी राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगा. पदयात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, सुशासन और विकास कार्यों को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा.
मनोज सिंह ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. यह पदयात्रा जनता के बीच जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का व्यापक अभियान बनेगी.
यह भी पढ़ें- राज्यपाल संतोष गंगवार ने सरदार पटेल की जयंती पर किया नमन