संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में युवती अंजली कुमारी की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने पूरी तरह से खुलासा कर दिया है. पुलिस अनुसंधान में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि युवती के कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो को लेकर क्षेत्र में दुष्प्रचार किया गया था, जिससे क्षुब्ध और आक्रोशित होकर सगे पिता ने ही अपनी बेटी की जान ले ली. इस सनसनीखेज मामले की शुरुआत तब हुई जब स्थानीय चौकीदार प्रवीन कुमार के आवेदन पर लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 83/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की थी.
गहन जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजबली मेहता और अरविंद कुमार मेहता नाम के दो युवकों ने मिलकर अंजली कुमारी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो का दुष्प्रचार किया था. जैसे ही इस बात की जानकारी अंजली के 56 वर्षीय पिता अगस्त कुमार मेहता को हुई, वह गहरे गुस्से और आक्रोश में आ गए. इसी गुस्से में आकर उन्होंने अपनी ही पुत्री पर टांगी (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
लेस्लीगंज के एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी दी और बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी को भी बरामद कर लिया गया है. वहीं, आपत्तिजनक वीडियो फैलाने वाले अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, करोड़ों के ट्रांजैक्शन का खुलासा, एक गिरफ्तार