संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में 21 अक्टूबर को हुए तुलेश्वर महतो हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 15 दिनों के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने मृतक की पहली पत्नी समेत सभी आरोपियों को धर दबोचा है. इस पूरे हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद और दूसरी शादी की गहरी रंजिश मुख्य कारण बनकर सामने आई है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता कर इस पूरी वारदात की परतें खोलीं और बताया कि पुलिस को इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है.
घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे अज्ञात अपराधियों ने घर से बुलाकर तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने जब इस मामले कि तकनीकी अनुसंधान के आधार पर गहराई से छानबीन शुरू की, तो चौंकाने वाला सच सामने आया. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक तुलेश्वर महतो ने करीब चार महीने पहले ही दूसरी शादी कर ली थी. इस बात से उसकी पहली पत्नी उर्मिला देवी बुरी तरह आहत थी और अंदर ही अंदर बदले की आग में जल रही थी. इसी जलन और पारिवारिक कलह के कारण पहली पत्नी ने अपने ही पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची.
साजिश के तहत पहली पत्नी उर्मिला देवी ने आरोपी राहुल कुमार से संपर्क किया और अपने पति तुलेश्वर महतो की हत्या के लिए उसे डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी. सुपारी की यह डील तय होने के बाद राहुल कुमार ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के लिए अपने दो अन्य साथियों शंकर यादव और नरेश सिंह को इस षड्यंत्र में शामिल किया. राहुल को पहली पत्नी से कुल डेढ़ लाख रुपये मिले थे, जिसमें से उसने अन्य दोनों सहयोगियों को पचास हजार रुपये देने की बात तय की थी. इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए आरोपियों ने पूरी प्लानिंग की थी, जिसमें शंकर यादव और राहुल दोनों ट्रक चलाने का काम करते थे, जबकि मुख्य साजिश में शामिल नरेश सिंह के पास अवैध पिस्तौल थी.
घटना वाले दिन यानी 21 अक्टूबर की शाम को सुनियोजित योजना के तहत नरेश सिंह पिस्तौल लेकर पहुंचा और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर तुलेश्वर महतो को उसके घर के बाहर बुलाया गया. बाहर आते ही अपराधियों ने उसे गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पलामू पुलिस और तरहसी थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अंधेकत्ल का मात्र पंद्रह दिनों के भीतर पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने इस मामले में संलिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार तथा साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र में इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस मिली बड़ी कमयाबी, 40 लाख की ब्राउन शुगर के साथ मुख्य सप्लायर चिंटू कुमार गिरफ्तार