न्यूज11 भारत
आनंदपुर/डेस्क: क्षेत्र में अफीम और गांजे की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए आनंदपुर पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान डुमिरता साप्ताहिक हाट परिसर और घाटबाजार में ग्रामीणों, छात्रों के बीच प्रचार-प्रसार कर उन्हें नशीले पदार्थों की खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और कानूनी नुकसान की जानकारी दी गई. पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि अफीम और गांजे की खेती करना कानूनन अपराध है. झारखंड में इस तरह की अवैध खेती करने, इसमें सहयोग देने अथवा इससे जुड़े कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है. दोष सिद्ध होने पर अपराध की प्रकृति और मात्रा के अनुसार जुर्माना एवं कारावास की सजा हो सकती है. अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि नशीले पदार्थों की अवैध खेती से समाज में नशे का प्रसार होता है.
इसका दुष्प्रभाव युवाओं के भविष्य, परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक वातावरण पर पड़ता है. ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने आसपास कहीं भी अफीम या गांजे की खेती होने की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. साथ ही इस तरह की गतिविधियों में किसी भी प्रकार का सहयोग नहीं करने की सलाह दी गई. पुलिस ने ग्राममुंडाओं और पंचायत के जनप्रतिनिधियों से भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों को जागरूक करने तथा अवैध खेती की रोकथाम में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का संदेश दिया गया.
यह भी पढ़ें: दंगवार उच्च विद्यालय में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, नशा मुक्ति व डायल 112 की दी जानकारी