रोजगार सृजन मेला

बेंगाबाद में 5 नवंबर को लगेगा रोजगार सृजन मेला-सह-मोबिलाइजेशन कैम्प

इस मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है.

By : Ark Sahuliyar
बेंगाबाद में 5 नवंबर को लगेगा रोजगार सृजन मेला-सह-मोबिलाइजेशन कैम्प

मनीष मंडल/न्यूज़11 भारत 
बेंगाबाद/डेस्क:
दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY 2.0) के अंतर्गत पलाश (झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी), गिरिडीह द्वारा प्रखंड स्तरीय रोजगार सृजन मेला-सह-मोबिलाइजेशन कैम्प 2026 का आयोजन किया जा रहा है.

यह रोजगार मेला 5 नवंबर 2026 को प्रखंड परिसर बेंगाबाद में आयोजित होगा. इस मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है.

आयोजकों ने बताया कि इस कैम्प में विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क आवासीय कौशल प्रशिक्षण की जानकारी दी जाएगी. प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को रहने, खाने और प्रशिक्षण सामग्री की सुविधा निःशुल्क दी जाएगी. साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की जाएगी.

इस मेले में 18 से 35 वर्ष तक के बेरोजगार ग्रामीण युवक-युवती भाग ले सकते हैं. इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और शैक्षणिक प्रमाण पत्र की छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा. बीपीएम पंकज कुमार वर्मा ने सभी पंचायतों के युवाओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने भविष्य को उज्जवल बनाएं.