रोहन निषाद.न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता बड़कुंवर गागराई ने झारखंड के मंत्री दीपक बिरुवा द्वारा मतदाता सूची से लाखों लोगों के नाम काटे जाने और वोट चोरी होने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के गंभीर आरोप बिना ठोस प्रमाण के लगाना उचित नहीं है. मंत्री दीपक बिरुवा को यह समझना चाहिए कि वे एक संवैधानिक पद पर आसीन हैं और उन्हें निर्वाचन आयोग की संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी होनी चाहिए.
गागराई ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कोई नई प्रक्रिया नहीं है. आजादी के बाद निर्वाचन आयोग समय-समय पर मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण करता रहा है. आयोग के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार 1952-56, 1957, 1961, 1965, 1966, 1983-84, 1987-89, 1992, 1993, 1995, 2002, 2003 और 2004 में गहन पुनरीक्षण कराया गया था. इसके अतिरिक्त मतदाता सूची का नियमित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण भी होता रहा है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान देशव्यापी SIR के आंकड़ों के अनुसार लगभग 13.39 करोड़ नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाए गए हैं. इनमें लगभग 6.30 करोड़ स्थायी रूप से स्थानांतरित, 3.01 करोड़ अनुपस्थित अथवा सत्यापन में नहीं मिले, 2.80 करोड़ मृत और 1.02 करोड़ दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाता शामिल हैं. शेष नाम अन्य श्रेणियों में हैं. ये आंकड़े अपने आप में वोट चोरी का प्रमाण नहीं हैं.
गागराई ने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए. यदि कहीं ऐसी गड़बड़ी हुई है तो संबंधित साक्ष्य निर्वाचन आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाने चाहिए. विरोध के नाम पर भ्रम फैलाना उचित नहीं है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करें. बिना प्रमाण आरोप लगाना, इस्तीफे की मांग करना और विकास कार्यों को बाधित करना लोकतांत्रिक संवाद को कमजोर करता है. राजनीतिक टकराव का नुकसान अंततः आम जनता को ही उठाना पड़ता है.
यह भी पढ़ें: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बरवाडीह में चला वाहन जांच अभियान, 67,500 रुपये जुर्माना