न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के हमीदगंज निवासी रंजीत कुमार गुप्ता ने नगर आयुक्त को एक मांग पत्र सौंपकर आरएसएस भवन के पास चल रहे नाली निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत की है. सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि निर्माण कार्य के कारण पिछले कई दिनों से सड़क पूरी तरह बाधित है, जिससे स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नाली निर्माण में तय गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है और प्रयुक्त सामग्री अत्यंत घटिया स्तर की है. इसके कारण भविष्य में नाली के जल्द क्षतिग्रस्त होने और सरकारी राशि के दुरुपयोग की पूरी आशंका बनी हुई है. पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य की निगरानी के लिए नियुक्त कनीय अभियंता (जेई) द्वारा कार्यस्थल का नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा है, जिससे संवेदक मनमाने ढंग से कार्य करा रहा है.
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि किसी सक्षम अधिकारी से पूरे निर्माण कार्य और सामग्री की जांच कराई जाए. साथ ही लापरवाह कनीय अभियंता और संवेदक की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए ताकि गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित हो सके. इस शिकायत पत्र की प्रतिलिपि मेदिनीनगर नगर निगम की महापौर अरुणा शंकर और वार्ड संख्या 25 की वार्ड पार्षद मनीषा कुमारी को भी उचित कार्रवाई के लिए भेजी गई है.
यह भी पढ़ें: लेट सत्र और लंबित रिजल्ट से परेशान GCPA कॉलेज के छात्रों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन