गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-18 और 49 के संगम स्थल से एक 16 चक्का ट्रक को जब्त किया है. इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी ने किया. कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल नंबर (WB-13-6372) का 16 चक्का ट्रक पड़ोसी राज्य ओडिशा के जामसोला से बालू लोड कर झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल जा रहा था. बालू को छिपाने के लिए ट्रक को तिरपाल से पूरी तरह ढंक दिया गया था, ताकि स्थानीय प्रशासन की नजर से बचा जा सके.गुप्त सूचना के आधार पर प्रशासन ने संयुक्त छापेमारी कर ट्रक को रोककर जब्त कर लिया. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और बालू परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.बहरागोड़ा थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा और अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर आमजन की समस्याओं के त्वरित व प्रभावी निष्पादन की रांची पुलिस की बड़ी पहल