बीरेंद्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर ने आदर्श मध्य विद्यालय के चारदीवारी के समीप संचालित मुर्गा और खस्सी दुकानों पर सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालय परिसर और उसके आसपास किसी भी प्रकार की गंदगी फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बीडीओ ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है, जहां स्वच्छ और शांत वातावरण बनाए रखना आवश्यक है. ऐसे में स्कूल के मुख्य गेट और चारदीवारी के पास मांस-मछली की दुकानें लगाकर गंदगी फैलाना पूरी तरह अनुचित है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आगे से इस क्षेत्र में इस तरह की दुकानें नहीं लगेंगी और यदि निर्देशों का उल्लंघन हुआ तो संबंधित दुकानदारों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने दो खस्सी दुकानदारों को पकड़कर थाना ले जाया गया. वहां करीब दो घंटे तक बैठाकर उन्हें सख्त हिदायत दी गई और बांड भरवाकर छोड़ दिया गया. अधिकारियों ने उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने और स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया. प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर सख्ती का संदेश गया है. स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए विद्यालय परिसर के आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की मांग की
यह भी पढ़ें: प्रताप ब्रांड सरसों तेल की नकल पर प्रशासन सख्त, गोदाम में छापेमारी कर तेल के सैंपल और स्टॉक पंजी को किया जब्त