अवैध पार्किंग

सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर प्रशासन का शिकंजा, 25 वाहनों पर कार्रवाई, ₹1.70 लाख जुर्माना

सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया.

By : Ark Sahuliyar
सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर प्रशासन का शिकंजा, 25 वाहनों पर कार्रवाई, ₹1.70 लाख जुर्माना

मधु सुदन/न्यूज़11 भारत 
सरायकेला/डेस्क:
सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई की.

अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए भारी वाहनों की जांच की गई. यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई. इस दौरान कुल 25 भारी वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.

अभियान के दौरान यातयात प्रभारी राजू कुमार ने माइकिंग के जरिए वाहन चालकों को सड़क किनारे और प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने की चेतावनी दी गई. 

वहीं, विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर कंपनी प्रबंधन को भी चेतावनी दी गई. प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि वाहनों के लिए परिसर के भीतर या निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करें. सार्वजनिक सड़क पर अवैध पार्किंग पाए जाने पर वाहन चालक के साथ जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

इसके अलावा पेट्रोल पंप संचालकों को भी सड़क के बाहर अनधिकृत वाहन पार्किंग नहीं होने देने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.