न्यूज11 भारत
मनोहरपुर/डेस्क: मनोहरपुर प्रखंड के मनोहरपुर पूर्व पंचायत अंतर्गत हाथीचैक नाका गांव में सार्वजनिक चापाकल को लेकर विवाद गहरा गया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वर्षों से उपयोग में आ रहे एक सार्वजनिक चापाकल पर स्थानीय निवासी एरियल टोपनो ने कब्जा कर लिया है, जिसके कारण गांव के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार, 26 मई 2026 को इस मामले को लेकर एक बैठक आयोजित की गई थी. बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों, प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारियों तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में विवादित चापाकल को पुनः आम लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने पर सहमति बनी थी. साथ ही विभाग द्वारा दो दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया गया था.
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने विवादित चापाकल को मुक्त कराने के बजाय दूसरे स्थान पर स्थित एक पुराने चापाकल की मरम्मत करा दी. ग्रामीणों का कहना है कि उक्त चापाकल का पानी पीने योग्य नहीं है, जिससे उनकी पेयजल समस्या का समाधान नहीं हो पाया है.
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के नाम एक आवेदन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. आवेदन प्रखंड अंचल अधिकारी (सीओ) प्रदीप कुमार को सौंपा गया, जिसमें विवादित सार्वजनिक चापाकल को सरकारी नियंत्रण में लेकर आम लोगों के उपयोग हेतु उपलब्ध कराने तथा पेयजल संकट का स्थायी समाधान करने की मांग की गई है.
ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उनकी मूलभूत आवश्यकता है, इसलिए प्रशासन को शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए. इस दौरान संदीप गुड़िया, अरविंद यादव, निरंजन बारला, नूरी बेगम, फातिया परवीन, बिमल तिर्की समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: राज्य खाद्य निगम गोदाम, बैरिया का जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने किया निरीक्षण