न्यूज़11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: लोहरदगा जिले की किस्को पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित राय उर्फ विशाल राय (25 वर्ष) पिता स्व. अनिल राय निवासी कुटमू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी किस्को थाना कांड संख्या 19/2024 में नामजद था. इस मामले में उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धारा तथा आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज है.
इस कांड में कुल नौ आरोपी नामजद थे, जिनमें से आठ आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि रोहित राय उर्फ विशाल राय लंबे समय से फरार चल रहा था. थाना प्रभारी मानस कुमार साधु को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी ब्लॉक मोड़ के पास मौजूद है. सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने एसआई हेमंत कुमार एवं पुलिस बल के साथ सोमवार रात छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मंगलवार दोपहर 1 बजे आरोपी को लोहरदगा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. थाना प्रभारी ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा फरार आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.