न्यूज11 भारत
मनोहरपुर/डेस्क: बुधवार देर शाम मनोहरपुर प्रखंड के चिड़िया ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोड़ो अंकुवा में एक शादी समारोह में शामियाना का कपड़ा लगाने के दौरान करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. युवक लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर नंगे पांव शामियाना का कपड़ा बांध रहा था. इसी दौरान उसका दाँया हाथ बिजली के तार से स्पर्श हो गया. जिससे युवक लोहे की सीढ़ी पर ही चिपक गया. बिजली करंट को बंद करने के बाद युवक को सीढ़ी से उतारा गया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया. यहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय रॉबर्ट बागे की रूप में हुई है. युवक टेंट वर्कर का काम करता है. मृतक युवक मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साइडिंग पुरानापानी का रहने वाला है. पुलिस घटना को लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक जीत की दी बधाई