प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
गुमला/डेस्क: करंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जिरहुल गांव में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है.मृतक की पहचान जिरहुल निवासी 35 वर्षीय जगदीश उरांव के रूप में हुई है.घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है,वहीं मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.मिली जानकारी के अनुसार जगदीश उरांव 15 दिनों पूर्व ही दूसरे प्रदेश से मजदूरी कर अपने घर लौटा था.घर लौटने के बाद वह अक्सर शराब का सेवन कर रहा था.बताया जाता है कि बीते गुरुवार की शाम को भी उसने अपनी पत्नी से 500 रुपये लेकर शराब पी थी.देर शाम शराब के नशे में घर लौटने के बाद वह अपनी पत्नी से फिर शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा.
पत्नी द्वारा पैसे देने से इंकार किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी.उसके बाद जगदीश गुस्से में अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया.काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को शक हुआ.परिजनों ने उसे कई बार आवाज लगाई,लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला.इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया,जहां जगदीश रस्सी के सहारे फंदे से झूलता हुआ मिला.
आनन-फानन में परिजनों ने रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.घटना की सूचना शुक्रवार की सुबह करंज थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है.पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों के अनुसार जगदीश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
यह भी पढ़ें: सांसद बीडी राम की पहल लाई रंग, पलामू के हीसरा गांव तक पहुंची विकास की रोशनी