विश्वकर्मा भारती/न्यूज11 भारत
बोकारो डेस्क: विश्व तंबाकू निषेध दिवस 31 मई, से पूर्व शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के बी कॉलेज बेरमो तथा कथारा ओपी थाना पुलिस एवं तंबाकू नियंत्रण ईकाई बोकारो के संयुक्त तत्वावधान में नशे के दुष्प्रभाव एवं नशा मुक्त भारत निर्माण जागरूकता रैली का आयोजन कथारा ओपी परिसर से शुरू करके कथारा चौक होते हुए गोद गांव बोरिया तक निकाला गया. कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति बोकारो पुलिस ने कहा युवा पीढ़ी को बचाना है तो नशे को जड़ से मिटाना है. यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर नशा करते पकड़े जाता है तो उस पर NDPS एक्ट के तहत जुर्माना और सजा का प्रावधान है.
एन डी पी एस एक्ट,1985 भारत में नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार, खेती, उत्पादन, भंडारण और सेवन को रोकने के लिए बनाया गया एक अत्यंत सख्त विशेष कानून है. के. बी. कॉलेज बेरमो के प्रो इंचार्ज प्रो गोपाल प्रजापति ने कहा विनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी धनबाद से नशे मुक्त परिवेश बनाने के लिए प्रयास किए जाते रहें, इस तरह का दिशानिर्देश आया है. यह भी कहा नशा मुक्त जीवन, स्वस्थ परिवार व सशक्त समाज, यही प्रगति का सही मार्ग है.
कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार, एन एस एस ने कहा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा इस संबंध में दिशा निर्देश प्राप्त हुआ है. उसी के आलोक में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के पूर्व संध्या पर नशे के दुष्प्रभाव से जनमानस को जागरूक करने हेतु जागरूकता रैली का आयोजन किया गया है.
डॉ प्रभाकर कुमार ने यह भी कहा अपराध मुक्त, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज की पहली नींव नशा मुक्त समाज है. तंबाकू नियंत्रण ईकाई बोकारो के जिला परामर्शी मो असलम एवं छोटेलाल दास ने कहा अवैध नशा तस्करों और आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग है. समाज में हर वर्ग, परिवार और संस्थाओं को एकजुट होकर नशे के विरोध में एकसाथ रहना है.
एन एस एस के स्वयं सेवकों ने पोस्टर एवं स्लोगन के माध्यम से नशे मुक्त समाज निर्माण एवं नशे के दुष्प्रभाव का संदेश दिया जिनमें जीवन चुनें, नशा नहीं और नशे से दूरी है जरूरी. संदेश देने वाले स्वयं सेवकों में मिलन कुमार गुप्ता, सोनू कुमार शर्मा, रिया कुमारी, अंतरा कुमारी, अमन तिवारी, काजल कुमारी, सानिया नाज, रोहित कुमार तिर्की, अभिषेक आनंद, आदि रहे. जागरूकता रैली में नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ भी दिलवाई गई.
नशे मुक्त समाज निर्माण एवं नशे के दुष्प्रभाव जागरूकता रैली कथारा ओपी बोकारो पुलिस से शुरू होकर कथारा चौक होते हुए गोद गांव बोरिया तक पहुंची और जनमानस को नशे के दुष्प्रभाव व भयावहता से लोगों को जागरूक किया गया. जागरूकता रैली में प्रो इंचार्ज प्रो गोपाल प्रजापति, कार्यक्रम पदाधिकारी डा प्रभाकर कुमार, सदन राम, हरीश नाग, अजय हांसदा, प्रभारी कथारा ओपी राजेश प्रजापति, कथारा ओपी के सभी पुलिस कर्मी, जिला परामर्शी तंबाकू नियंत्रण ईकाई बोकारो मो असलम, सामाजिक कार्यकर्ता छोटेलाल दास, एन एस एस के स्वयं सेवक, समाज के गणमान्य व्यक्तियों सुनीता सिंह, आदि की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही.
यह भी पढ़ें: पलामू में अनियंत्रित डॉक्टर की कार घर में घुसी, आंगन में सो रहे ग्रामीण की दर्दनाक मौत, सड़क जाम