चंचल गिरी/न्यूज़11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के नाम पर साइबर ठगी का प्रयास किया जा रहा है. कुछ लोगों को फर्जी ई-मेल भेजकर दावा किया जा रहा है कि विसंगतियों के कारण उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटा दिया गया है. इसके बाद नाम दोबारा जुड़वाने के लिए एक लिंक पर क्लिक कर व्यक्तिगत जानकारी और जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा जा रहा है.
इस तरह के ई-मेल भ्रामक हैं और साइबर धोखाधड़ी का प्रयास हो सकते हैं. आम नागरिकों और मतदाताओं से अपील की गई है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध ई-मेल में दिए गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी, व्यक्तिगत जानकारी या दस्तावेज साझा करें.
निर्वाचन विभाग के अनुसार, SIR के नाम पर इस तरह ई-मेल भेजकर प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए नहीं कहा जा रहा है. मतदाता सूची से संबंधित किसी भी सत्यापन या दस्तावेज जमा करने के लिए अपने बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO से संपर्क करें. इसके अलावा आधिकारिक ECINET ऐप या निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in का ही इस्तेमाल करें. अपील है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी अनजान लिंक के झांसे में न आएं.
