न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी की ओर से राजधानी रांची में "लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ" अभियान के तहत पदयात्रा निकाली गई. एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के समर्थन और इसे लेकर कांग्रेस एवं इंडी गठबंधन द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम के विरोध में आयोजित इस पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री सह कार्यक्रम के प्रभारी जुएल उरांव, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और हजारों की संख्या में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस एवं इंडी गठबंधन के द्वारा लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने तथा देश में अराजकता का वातावरण बनाने के प्रयासों के विरुद्ध हुंकार भरी गई. पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई.
पदयात्रा मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से प्रारंभ हुई. यहां से कार्यकर्ताओं का विशाल समूह कचहरी चौक होते हुए जेल मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति संग्रहालय पहुंचा.
मॉक पार्लियामेंट करने से प्रधानमंत्री नहीं बनते, जनता का विश्वास जीतना पड़ता है : जुएल उरांव
केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है. अगर प्रधानमंत्री बनना है तो संसद का चुनाव जीतकर आइए, जनता का जनादेश प्राप्त कीजिए और फिर प्रधानमंत्री बनिए. मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने से प्रधानमंत्री नहीं बना जाता. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एमएलसी चुनाव में भी बेनकाब हो चुकी है. यह चुनाव बैलेट पेपर से हुआ, इसके बावजूद कांग्रेस को जनता ने नकार दिया.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज संसद, सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रही है. कांग्रेस की राजनीति देश में भ्रम और अराजकता फैलाने पर केंद्रित हो गई है. ईवीएम पर सवाल उठाने वाले इंडी गठबंधन को यह बताना चाहिए कि इसी ईवीएम से चुनाव जीतकर उनके दल के लोग भी तो झारखंड सहित अन्य राज्यों में मुख्यमंत्री बने हैं. फिर उसी चुनाव प्रणाली के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन क्यों किया जा रहा है?
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल भारत में बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसी राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति पैदा करना चाहते हैं. लेकिन भारत का लोकतंत्र मजबूत है और यहां की जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास करती है. देश की जनता अराजकता नहीं, बल्कि विकास चाहती है. ऐसी सोच रखने वाले राजनीतिक दलों को जनता उखाड़ फेकेगी.
श्री उरांव ने झारखंड की हेमंत सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में मंईयां सम्मान योजना विफल साबित हो रही है. सरकार अपनी नीतियों और कार्यशैली के कारण जनता के सवालों के घेरे में है. हेमंत सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा. यह सरकार 2029 में अपनी करनी से ही डूबेगी.
कांग्रेस मुद्दाविहीन, एसआईआर का विरोध घुसपैठियों और फर्जी मतदाताओं को बचाने की कोशिश : गजेंद्र सिंह पटेल
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि देश में अराजकता फैलाने वाली ताकतों के खिलाफ आज भाजपा के कार्यकर्ता एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प ले रहे हैं. उन्होंने एसआईआर की आवश्यकता बताते हुए कहा कि देश में अब तक 12 बार विशेष गहन पुनरीक्षण हो चुका है, जिनमें 10 बार कांग्रेस के नेतृत्व में यह प्रक्रिया हुई. तब कांग्रेस ने कोई विरोध नहीं किया. आज जब मतदाता सूची से मृत और अवैध मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया चल रही है, तब कांग्रेस इसका विरोध कर रही है.
उन्होंने सवाल किया कि क्या मृत लोगों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटने चाहिए? क्या घुसपैठियों और अवैध मतदाताओं के नाम सूची में बने रहने चाहिए? उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है. कांग्रेस चाहती है कि अवैध मतदाताओं और घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बने रहें, ताकि चुनावी लाभ लिया जा सके.
श्री पटेल ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से चल रही है. सभी राजनीतिक दलों के बीएलए इसमें शामिल हैं. किसी भी वैध मतदाता का नाम नहीं कटेगा, इसकी गारंटी भाजपा देती है. नए मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं और मृत एवं अवैध मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि आज झारखंड़ में घुसपैठियों के कारण गांव अल्पसंख्यक हो गए हैं. झारखंड में घुसपैठ की समस्या के कारण आदिवासी समाज की आबादी का अनुपात लगातार प्रभावित हुआ है. राज्य सरकार आदिवासियों के साथ अन्याय और छल कर रही है. भाजपा आदिवासियों के हितों को लेकर सदैव संकल्पित रही है. भाजपा कभी इनके साथ अन्याय नहीं होने देगी.
उन्होंने कहा कि दिल्ली में विपक्षी दलों का जमावड़ा लोकतंत्र की रक्षा के लिए नहीं, बल्कि एक स्थिर सरकार को अस्थिर करने की कुचेष्टा है. कांग्रेस अराजकता फैलाना चाहती है. कहा कि भारत के नागरिक तय कर चुके हैं कि जब तक भारत विकसित नहीं हो जाता है तब तक मोदी जी यहीं रहेंगे. भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. भाजपा राष्ट्र प्रथम, देश प्रथम के मूल मंत्र को आत्मसात करती है. भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस एवं उनकी सहयोगी दलों को सड़क से लेकर गांव तक उनके भ्रम और झूठ का मुंहतोड़ जवाब देंगे.
मोदी सरकार का विकास कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं : आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 65 वर्षों के शासनकाल में देश की चिंता करने के बजाय सत्ता और परिवारवाद को प्राथमिकता दी. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण और विकास के लिए निरंतर काम कर रहे हैं. पूरा देश भाजपा की नीतियों के साथ खड़ा है. लेकिन कांग्रेस को एक गरीब परिवार से निकले व्यक्ति का प्रधानमंत्री बनना बर्दाश्त नहीं हो रहा है. नरेंद्र मोदी के दिवंगत माता- पिता तक को गाली दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी का बहाना बनाकर एसआईआर का विरोध कर रही है. जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन जहां उसे राजनीतिक लाभ नहीं दिखता, वहां चुनावी व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े किए जाते हैं. अगर ऐसा होता तो आज झारखंड में भाजपा की सरकार नहीं होती क्या ?
श्री साहू ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के सत्ताधारी नेताओं से झारखंड संभल नहीं रहा है और वे दिल्ली जाकर प्रदर्शन कर रहे हैं. राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. थाने में न्याय मांगने पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा दुष्कर्म की घटना हो जाती है, तो कहीं पादरी पर दुष्कर्म के आरोप लगते हैं. लेकिन सरकार को इन गंभीर घटनाओं से कोई मतलब नहीं है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इंडी गठबंधन की जनविरोधी नीतियों और अराजकता के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएं.वहीं उन्होंने रांची अंतर्गत तीनों जिला से विशाल जनसमूह की भागीदारी के लिए संबंधित तीनों जिला अध्यक्षों को बधाई भी दी.
राहुल गांधी देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश के प्रमुख विपक्षी दल के नेता राहुल गांधी देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं. देश के लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस, राहुल गांधी, वंशवाद, दिमागी नक्सलियों, घुसपैठियों की वंशवादी राजनीति, घुसपैठियों से है. उन्होंने कहा कि जनता को इन खतरों से अवगत कराना भाजपा का दायित्व है. आज की पदयात्रा कांग्रेस और विपक्षी दलों के लोकतंत्र विरोधी चेहरे को बेनकाब करने के लिए आयोजित की गई है. ये लोग स्वस्थ और पारदर्शी लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं चाहते, इसलिए एसआईआर का विरोध कर रहे हैं.
राष्ट्र सेवा भाजपा कार्यकर्ताओं का मूल सिद्धांत : अर्जुन मुंडा
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आज देश की जनता राष्ट्रविरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है. राष्ट्र सेवा भाजपा कार्यकर्ताओं का मूल सिद्धांत है. हम उन महापुरुषों और वीर सपूतों के वंशज हैं, जिनके पूर्वजों ने तलवारों की धार और अंगारों पर चलकर देश की आजादी और उसकी अस्मिता की रक्षा की. राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है.
मॉक पार्लियामेंट करने वालों को जनता का जवाब मिलेगा : सरयू राय
जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि एनडीए लोकतांत्रिक तरीके से राजनीति करने वाला गठबंधन है. कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक और संसदीय मर्यादाओं का लगातार उल्लंघन कर रहा है. उन्होंने मॉक पार्लियामेंट पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लोकतंत्र में संसदीय प्रणाली से चुनकर आने वाले नेताओं के घरों में मॉक पार्लियामेंट चलाकर संसद और लोकतंत्र का मजाक उड़ाना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध करने की एक मर्यादा होती है, लेकिन मौजूदा विपक्ष इन सभी सीमाओं को पार कर रहा है. देश में नेपाल और बांग्लादेश की तरह अराजकता फैलाने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि देश की जनता विपक्ष की राजनीति को समझ रही है. घुसपैठ और देश की आंतरिक सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर भी विपक्ष का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है.
कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा स्मृति संग्रहालय पहुंचकर धरती आबा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ किया गया.
पदयात्रा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राय, दीपक प्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, महामंत्री मनोज सिंह, विधायक सीपी सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सुनीता सिंह, अमित सिंह, दीपक बंका, हेमन्त दास, सूरज चौरसिया, रोशनी खलखो, नीरज कुमार, मीरा मुंडा, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, राहुल अवस्थी, सूरज शाहदेव, सतीश सिन्हा, नीरज सिंह, तारिक इमरान, अजय राय, रामाकांत महतो, दीनदयाल वर्णवाल, अशोक बड़ाइक, आरती कुजूर, शोभा यादव, संदीप वर्मा, केके गुप्ता, रविनाथ किशोर, प्रदीप सिन्हा, अजय शाह, राफिया नाज, राहुल शाहदेव, रजनीश पांडेय, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, विनय धीरज महतो, नरेंद्र सिंह, समरी लाल, रामकुमार पाहन, संजीव विजयवर्गीय, सुरेंद्र महतो, सीमा सिंह, सन्नी टोप्पो, शशांक राज, मनोज महतो, रंजय कुमार, जदयू के धर्मेंद्र तिवारी,सुबोध सिंह, रमेश सिंह, ललित ओझा, अमरनाथ चौधरी, मानकी राजेन्द्र सिंह मुंडा, कृपा शंकर सिंह, जैलेंद्र चौधरी, मनोज मिश्रा, कर्नल बीके सिंह, बलराम सिंह, राजू सिंह, जितेंद्र वर्मा, मनोज चौधरी, सत्यदेव मुंडा, अर्जुन राम, प्रभुदयाल बड़ाइक, रणधीर चौधरी, बलसाय, सुमन कुमार, ऋषिकेश राणा सहित हजारों की संख्या में पुरुष-महिला नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: सड़क चौड़ीकरण में एकतरफा भूमि अधिग्रहण का विरोध, नियम संगत कार्रवाई की मांग