संतोष मेहता/ न्यूज़ 11 भारत
खूंटी/डेस्क: 7 जनवरी 2026 को खूंटी थानान्तर्गत ग्राम जमुवादाग तालाब के समीप दंगल संगा पड़हा राजा सोमा मुण्डा को अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. उक्त के संदर्भ में खूंटी थाना काण्ड सं0-03/2026, दिनांक-08/01/2026, धारा - 103(1)/61 (2)/3 (5) बी0एन0एस0 2023 एवं 27 आर्म्स एक्ट विरूद्ध अज्ञात अपराधकर्मियों के अंकित किया गया. काण्ड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, खूंटी के द्वारा काण्ड के उद्भेदन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया. SIT द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में काण्ड में संलिप्त 08 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
गिरफ्तार अभियुक्त नए किया अपना अपराध कुबूल
पुनः SIT द्वारा काण्ड में संलिप्त घटना को अंजाम देने वाले दोनों शूटर एवं हत्या के साजिशकर्त्ता सहित कुल 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया गया है कि अभियुक्त दानियल संगा जो मुण्डा चलागी का निवासी है, जहां इस काण्ड के मृतक सोमा मुण्डा का भी पुराना घर है. वर्तमान में सोमा मुण्डा सोनार चलागी में अपना स्कूल चलाते थे और उसी कैम्पस में सपरिवार निवास करते थे. जबकि दानियल संगा हुटार चौक के समीप अपना घर बनाकर सपरिवार निवास करते है.
14 डिसमील जमीन का था मामला
अभि० दानियल संगा का 10-12 वर्ष पूर्व से मुण्डा चलागी में स्थित पुराना घर का कुल 14 डिसमील जमीन का विवाद सोमा मुण्डा के साथ चल रहा था. जिसे दानियल संगा के द्वारा उक्त जमीन के खतियानधारी सोनार चलागी के गोप खतियानधारी से जमीन को रजिस्ट्री करा लिये परंतु उसके बाद भी सोमा मुण्डा के द्वारा उक्त जमीन पर कोई निर्माण कार्य नहीं होने दिया जा रहा था और बार बार घर से बेदखल करने का दबाव बना रहा था. जिसको लेकर दानियल संगा एवं इनके परिवार के लोग सोमा मुण्डा के विरूद्ध आक्रोशित थे. हाल के वर्षों में दानियल संगा हुटार के आस-पास के क्षेत्रों में कई चर्चित जमीन कारोबारियों के साथ मिलकर जमीन का खरीद बिक्री का काम लगातार करते थे. उक्त जमीन खरीद बिक्री में सोमा मुण्डा CNT या मजीयस जमीन का हवाला देकर बाधा उत्पन्न करते रहते थे. इसको लेकर दानियल संगा सहित कई जमीन कारोबारी काफी परेशान थे.
माह नवम्बर दिसम्बर 2025 में ग्राम - जियारप्पा में खाली पड़े 30 - 32 एकड़ जमीन, जिसे जमीन कारोबारी देवव्रत नाथ शाहदेव, पंकज कुमार शर्मा एवं चन्दन यादव के माध्यम से तथा अन्य जमीन कारोबारी कई एकड़ जमीन स्थानीय जमीन कारोबारी के माध्यम से बेचने का प्रयास कर रहे थे, किन्तु उस जमीन पर स्थानीय ग्रामसभा द्वारा कब्जा नहीं करने देने के कारण जमीन का बिक्री नहीं हो पा रहा था. उक्त सभी जमीन पर देवव्रत नाथ शाहदेव अपने सहयोगी पंकज शर्मा एवं चंदन यादव के माध्यम से ग्राम-जियारप्पा के ग्रामसभा के अध्यक्ष बाहा मुण्डा एवं ग्रामसभा के सचिव देवा पाहन से मिलकर प्रति डिसमील दस हजार रूपया देकर जमीन को कब्जा करा रहे थे.
इस वजह से की गई थी हत्या की साजिश
इसी दौरान मौजा जियारप्पा के एक जमीन पर जे०सी०बी० मशीन एवं ट्रैक्टर के माध्यम से ग्रामसभा के कुछ सदस्यों द्वारा समतलीकरण कर जमीन पर गाड़ा हुआ सिलापट्ट को उखाड़कर हटा दिया गया. जिसके बाद सोमा मुण्डा पड़हा समाज का दिसम्बर में बैठक कर निर्णय लिया गया कि फिर से हमलोग दिनांक 03/01/2026 को सिलापट्ट गाड देंगे. जिससे इस काण्ड में पूर्व में जेल भेजे गये अभियुक्तों तथा संलिप्त कई जमीन कारोबारियों को नागवार लगा और सभी के द्वारा मिलकर पड़हा राजा सोमा मुण्डा की हत्या की साजिश रची गयी.
इसके लिए क्रिशमश पर्व के आसपास दानिएल संगा को जमीन कारोबारी द्वारा देशी पिस्टल और गोली उपलब्ध कराया गया. सोमा मुण्डा के इस गतिविधि से दानिएल संगा के भतीजा संतोष दगल सांड एव सुमित दगल साड जो दानियल संगा के साथ में रहते थे, वे दोनों भी नाराज थे. इसी क्रम में मुण्डा चलागी का मारकुस संगा जो सोमा मुण्डा के विद्यालय में वर्ष 2022 में दाखिला लिया था, परन्तु उसका क्रिया कलाप सही नहीं रहने के कारण सोमा मुण्डा उसे विद्यालय से निष्कासित कर दिए थे. जिससे मारकुस संगा भी काफी नाराज था. इस बात की जानकारी दानिएल संगा को उसके भतीजा सुमित दगल सांड के माध्यम से हुई तो वह मारकुस संगा को बुलाया तथा सोमा मुण्डा को जान से मारने का प्रस्ताव दिया जिसके एवज में उसे 25000/- अपने स्तर से तथा 25000/- रूपया जमीन कारोबारी के माध्यम से देने की बात बताया. दानियल संगा अपना भतीजा सुमित को सोमा मुण्डा का हत्या के लिए अपना पल्सर मोटरसाईकिल में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उपलब्ध कराया तथा हथियार गोली भी दिया. दिनांक 07/01/2026 को जब दानियल संगा को यह जानकारी हुआ कि सोमा मुण्डा अपनी पत्नी के साथ मोटरसाईकिल से खूंटी जा रहे है तो इस बात की जानकारी वह अपने भतीजा सुमित को दिया. इसके बाद सुमित अपने सहयोगी मारकुस संगा के साथ मिलकर दानियल संगा के द्वारा दिये गये हथियार गोली एवं मोटरसाईकिल का उपयोग कर खूंटी में रेकी व पीछा कर सोमा मुण्डा को घर वापसी के दौरान जमुवादाग तालाब के पास गोली मारकर हत्या कर दिया गया.
सुमित के दोस्त ने की थी सोमा मुण्डा की रेकी
सोमा मुण्डा का रेकी के लिए सुमित द्वारा अपने दोस्त रौशन मिचयाड़ी को भी पिपरा टोली के पास लगाया गया था, जो अपने NS पल्सर मोटरसाईकिल से रेकी कर रहा था. हत्या करने के उपरान्त सुमित एवं मारकुस अपने दोस्त रौशन मिचयाड़ी के गांव ग्राम बिरहू चले गये तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल को उसके घर में छुपा दिये.
बाद में घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल को अपने भाई संतोष के माध्यम लाकर अपन चाचा दानियल के हुटार स्थित घर में रख दिये तथा हथियार गोली को अपना भाई संतोष एवं चाचा के माध्यम से कपरिया स्थित खलखो फॉर्म हाउस के संचालक संदीप खलखो के पास छुपा दिये.
घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल व पिस्टल को छुपाने में प्रयुक्त टाटा टियागो कार को अभि० दानियल संगा के घर से, प्रयुक्त पिस्टल एवं गोली को खलखो फॉर्म हाऊस से तथा रेकी करने में प्रयुक्त मोटरसाईकिल को ग्राम - बिरहू स्थित अभि० रोशन मिचयाड़ी के घर से, घटना के समय अभियुक्त द्वारा पहना हुआ हेलमेट, कपड़ा, जुता, चप्पल को गिरफ्तार अभियुक्तों के निशानदेही पर बरामद कर विधिवत जप्ती सूची बनाकर जप्त किया गया है. काण्ड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: युवा शक्ति दिवस के अवसर पर जमशेदपुर में सफाई कर्मचारियों को किया जाएगा सम्मानित, कोरोना काल में दी थी सेवा