न्यूज़11 भारत
राँची/डेस्क: झारखंड सरकार द्वारा संचालित बहुप्रतीक्षित “रजेया नदी पर मुख्यमंत्री सौर ऊर्जा चालित उद्धह सिंचाई योजना” का आज ग्राम सिलदाहा, पंचायत रानीडीह, प्रखंड जामताड़ा में स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी जी के कर-कमलों द्वारा विधिवत शिलान्यास किया गया. इस ऐतिहासिक योजना को लेकर पूरे क्षेत्र, खासकर किसानों में भारी उत्साह और खुशी की लहर देखने को मिली.
यह महत्वाकांक्षी योजना क्षेत्र के किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगी. वर्षों से सिंचाई की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलेगी. सौर ऊर्जा आधारित इस योजना के माध्यम से रजेया नदी से पानी को लिफ्ट कर सीधे खेतों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे सैकड़ों एकड़ भूमि सिंचित हो सकेगी और किसानों को सालभर खेती करने का अवसर मिलेगा.
इस योजना के शुरू होने से किसानों की खेती पर निर्भरता मजबूत होगी, फसल उत्पादन बढ़ेगा, खेती की लागत कम होगी तथा धान, सब्जी एवं अन्य फसलों की पैदावार में वृद्धि होगी. साथ ही सौर ऊर्जा आधारित होने के कारण किसानों को बिजली खर्च की चिंता भी नहीं करनी पड़ेगी. यह योजना क्षेत्र में कृषि क्रांति लाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि चुनाव के दौरान यहां के किसानों, मुखिया एवं ग्रामीणों ने उनसे सिंचाई की गंभीर समस्या को लेकर मांग रखी थी. उन्होंने कहा कि रजेया नदी गांव से नीचे होने के कारण पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाता था, जिससे किसान खेती नहीं कर पाते थे. उसी समय उन्होंने ग्रामीणों से वादा किया था कि जल्द ही यहां लिफ्ट इरिगेशन योजना दी जाएगी ताकि नदी का पानी खेतों तक पहुंच सके.
मंत्री जी ने कहा, “आज वह दिन आ गया जब मैं अपने वादे को पूरा कर रहा हूं. यहां इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह साबित करती है कि इस योजना की कितनी आवश्यकता थी. किसान मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा, और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना ही हमारी सोच और मंशा है.”
उन्होंने आगे कहा कि आज पूरे क्षेत्र में विकास स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है. चुनाव जीतने के तुरंत बाद उन्होंने रजेया नदी पर बड़ा पुल निर्माण कराया, जिसका लाभ हजारों ग्रामीणों को मिल रहा है. आज क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, कॉलेज सहित हर क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं.
भाजपा पर निशाना साधते हुए मंत्री जी ने कहा कि बीते 20 वर्षों तक लोगों को केवल राजनीति में उलझाकर रखा गया, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि आदिवासी, महतो और मंडल समाज के लोगों को भी सम्मानपूर्वक जीवन जीने और अच्छी सुविधाएं पाने का पूरा अधिकार है, और इसी सोच के साथ आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सड़कों और विकास कार्यों का जाल बिछाया गया है.
मंत्री जी ने कहा कि यह योजना आने वाले समय में क्षेत्र के किसानों के लिए “लाइफ लाइन” साबित होगी. उन्होंने जनता द्वारा लगातार तीसरी बार दिए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़े हैं और हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे. पूरे क्षेत्र में इस योजना को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला.