मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी प्रखंड के सामु टोन्गरी (नायक बस्ती) निवासी मजदूर नरेश कुमार नायक की राजस्थान में कार्यस्थल पर मौत हो गई. घटना की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दुखद सूचना मिलते ही मजदूर नेता अब्दुल्ला अंसारी देर रात ही नायक बस्ती पहुंच गए. आधी रात को उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. रात में ही उनके पहुंचने से परिवार को बड़ा सहारा मिला. ग्रामीणों ने भी इस मानवीय पहल की सराहना की.
अब्दुल्ला अंसारी ने तुरंत राजस्थान की संबंधित कंपनी के अधिकारियों से फोन पर बातचीत की. लंबी वार्ता के बाद कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई. साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया कि प्रवासी मजदूर कल्याण योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता प्राथमिकता के आधार पर दिलाई जाएगी.
सरकारी और कंपनी की प्रक्रिया में समय लगने की संभावना को देखते हुए, अब्दुल्ला अंसारी ने मौके पर ही परिवार को 5,000 रुपये नकद सहायता प्रदान की. इसके अलावा 50 किलो चावल, 60 किलो आटा, खाद्य तेल और अन्य आवश्यक राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई. “मजदूर का पसीना सूखने से पहले उसे उसका हक मिलना चाहिए. नरेश की मौत अपूरणीय क्षति है, लेकिन हम परिवार को न्याय और हर संभव सहायता दिलाने के लिए पूरी मजबूती से साथ खड़े हैं.”