न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब झाड़ूडीह स्थित गणेश अपार्टमेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई. इस सनसनीखेज वारदात से पूरे कोयलांचल इलाके में दहशत फैल गई. फायरिंग की यह घटना धनबाद थाना क्षेत्र के झाड़ूडीह इलाके की बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोयला कारोबारी सुरेश सिंह हत्याकांड का गवाह बताए जा रहे देवेंद्र सिंह पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि देवेंद्र सिंह ने अपार्टमेंट के नीचे पहले शराब पी और फिर हंगामा शुरू कर दिया. इसी दौरान अपार्टमेंट में रहने वाले कंचन झा ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उन पर गोली चला दी.
घटना के बाद आरोपी देवेंद्र सिंह फायरिंग कर मौके से फरार हो गया. गोली चलने की आवाज से अपार्टमेंट में रहने वाले लोग सहम गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस की छानबीन के दौरान देवेंद्र सिंह के फ्लैट से दो दर्जन से अधिक गोलियां बरामद की गई है.
यह भी पढ़े: श्याम भक्त भावेश कुमार की निशान पदयात्रा धनबाद से राजस्थान के लिए रवाना, राजगंज में हुआ भव्य स्वागत