ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11/चंदनकियारी
चंदनकियारी: आमलाबाद ओपी क्षेत्र के दामोदर नदी स्थित बिरसा पुल के समीप रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों में सफेद कपड़े में लिपटी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी. नदी में नहाने पहुंचे कुछ लोगों की नजर जब कपड़े पर पड़ी तो उन्हें आशंका हुई कि किसी नवजात शिशु को कपड़े में लपेटकर झाड़ियों में फेंक दिया गया है.
देखते ही देखते खबर इलाके में आग की तरह फैल गई. मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आमलाबाद पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही आमलाबाद ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने झाड़ियों के अंदर जाकर संदिग्ध कपड़े को देखा. आसपास मौजूद लोगों में भी उत्सुकता और बेचैनी बनी हुई थी. कपड़े से काफी दुर्गंध भी आ रही थी, जिससे लोगों का शक और गहरा गया.
इसके बाद पुलिस ने सावधानी से कपड़ा खुलवाया. लेकिन जैसे ही कपड़ा खुला, पूरा मामला ही पलट गया.
जिसे लोग नवजात शिशु समझकर सहमे हुए थे, वह एक मरा हुआ कुत्ता निकला. किसी ने कुत्ते के शव को कपड़े में लपेटकर, माला व अन्य सामान के साथ झाड़ियों में फेंक दिया था.
सच्चाई सामने आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और कई लोग अपनी पहले की आशंका पर हंसने लगे. पुलिसकर्मियों ने भी राहत महसूस की. कुछ ही देर पहले जहां मौके पर हड़कंप और तरह-तरह की चर्चाएं थीं, वहीं राज खुलने के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया.
लोगों के बीच दिनभर यही चर्चा रही कि सफेद व केसरिया कपड़े, ने ऐसा सस्पेंस बनाया कि कुत्ते के शव को देखने से पहले लोगों की कल्पना कहीं और ही पहुंच गई थी.
मामला स्पष्ट होने के बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर वहां से लौट गई और मौके पर जुटी भीड़ भी हंसते-मुस्कुराते हुए अपने-अपने घरों की ओर रवाना हो गई.
यह भी पढ़ें: चंदनकियारी में उमड़ा आस्था का सैलाब, बोलबम के जयघोष से गूंजा एनएच-218