कुमार चंदन/न्यूज11 भारत
चतरा/डेस्क: चतरा जिले की प्रतापपुर पुलिस ने शराब तस्करों की एक बड़ी और शातिर योजना को नाकाम कर दिया है. दशहरा पर्व के अवसर पर मोटा मुनाफा कमाने के लालच में तस्कर अवैध शराब की एक बड़ी खेप खपाने की तैयारी में थे. लेकिन एक सड़क हादसे और पुलिस की मुस्तैदी ने उनकी पूरी योजना पर पानी फेर दिया. पुलिस ने लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की 950 लीटर से अधिक अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. यह घटना 9 अक्टूबर की है. प्रतापपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि जोरी-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम जोगियारा के पास एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन एक मवेशी (भैंस) को जोरदार टक्कर मारकर तेजी से भाग रहा है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया. हालांकि, पुलिस को अपनी ओर आता देख पिकअप का चालक और सहचालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. जब पुलिस ने पकड़े गए पिकअप वैन की तलाशी ली, तो तस्करों की चालाकी सामने आई. गाड़ी के डाला में मुरही के बोरों के ठीक नीचे अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं. पुलिस ने मौके से कुल 110 पेटी शराब बरामद की है. इसमें 48 पेटी 'ऑफिसर चॉइस' (2,304 बोतल) और 62 पेटी 'ब्लू स्ट्रोक' व्हिस्की (2,976 बोतल) शामिल है. कुल मिलाकर 950.40 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है. प्रतापपुर थाना प्रभारी के अनुसार, जब्त शराब की बोतलों पर 'यूपी नॉट फॉर सेल' का लेबल लगा हुआ है. इसके अलावा कुछ शराब छत्तीसगढ़ निर्मित भी है. तस्कर इस अवैध खेप को बिहार के गया जिले में सप्लाई करने की फिराक में थे, ताकि दशहरे को रंगीन बनाकर अवैध कमाई की जा सके. फिलहाल पुलिस ने अवैध शराब और वाहन को विधिवत जब्त कर लिया है और अज्ञात वाहन मालिक, चालक तथा सहचालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है.
यह भी पढ़ें: पलामू जिले के कैटेगरी-2 के 4 बालू घाटों की सफल नीलामी, राज्य सरकार को लगभग ₹26.59 करोड़ राजस्व की होगी प्राप्ति