संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: डालटनगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो-तीन पर ट्रेन से उतरने के दौरान पैर फिसलने से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग मोहम्मद कासिम की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत माली थाना क्षेत्र के जयहिन्द तेंदुवा गांव के रहने वाले थे और वह अपनी बेटी-दामाद के साथ नबीनगर से डालटनगंज अपनी बहनोई के यहाँ शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, ट्रेन में काफ़ी भीड़ भाड़ की स्थिति बनने के वजह से वे अंतिम समय में ट्रैन से स्टेशन पर उतर रहे थे, तभी अचानक ट्रेन चल पड़ी. इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई.
घटना की सूचना मिलने पर GRP थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुँची. GRP प्रभारी श्याम नारायण नायक के नेतृत्व में ASI सोमनाथ उरांव, ASI अनिल लाल और अनिल सोरेन सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे. पुलिस ने घटनास्थल की सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है. इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली की रैली ने एक बड़ा संदेश दिया है वोट बचाने की लड़ाई हम लड़ रहे हैं - कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश