न्यूज11 भारत
मनोहरपुर /डेस्क: मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर देर रात अकेले और डरी-सहमी अवस्था में घूम रही 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को आरपीएफ की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया. यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत की गई. मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:15 बजे आरपीएफ पोस्ट मनोहरपुर के एएसआई एम. ब्योमकेश अपने सहयोगी जवानों के साथ रेलवे स्टेशन पर गश्ती एवं जांच कर रहे थे. इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक नाबालिग लड़की अकेले घूमती हुई मिली. वह काफी डरी-सहमी हुई थी.
आरपीएफ जवानों ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान बसंती चांपिया (15 वर्ष), पिता रोइदास चांपिया, निवासी दुबिल , छोटानागरा, मनोहरपुर के रूप में बताई. पूछताछ में बच्ची ने बताया कि भाई के साथ विवाद होने के बाद वह बिना माता-पिता को बताए घर से निकल गई थी. इसके बाद आरपीएफ जवानों ने बच्ची को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट मनोहरपुर पहुंचाया और मामले की सूचना रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन, पश्चिमी सिंहभूम को दी. सूचना मिलने पर 1 नवंबर को रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मनोहरपुर आरपीएफ पोस्ट पहुंची. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग बच्ची को हेल्पलाइन के प्रतिनिधि फणींद्र बड़ाइक को सौंप दिया गया. बच्ची को आगे की आवश्यक कार्रवाई एवं देखभाल के लिए बाल कल्याण समिति (CWC), चाईबासा के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: रांची के कांटाटोली स्थित वासुदेव नगर के अपार्टमेंट में पुलिस की छापेमारी, फ्लैट नंबर 103 से 28 वर्षीय युवक गिरफ्तार