न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड राज्य हज समिति ने जानकारी दी कि झारखंड के हाजियों का एक काफिला गुरवार को प्रातः लगभग 4 बजे फ्लाइट संख्या F3-7304 से कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचा. इस काफिले में रांची के 163, बोकारो के 104 तथा रामगढ़ के 33 हाजी शामिल थे. इस प्रकार कुल 300 हाजियों ने पवित्र हज यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर स्वदेश वापसी की.
हाजियों के आगमन पर झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन उनके स्वागत एवं खैरमकदम के लिए उपस्थित रहे. झारखंड राज्य हज समिति की ओर से खुर्शीद अनवर एवं मोहम्मद नासिर हाजियों की सहायता एवं व्यवस्था में सक्रिय रूप से मौजूद रहे.
इसके अलावा एकरामुल हसन, अर्शे आलम, मोहम्मद परवेज, राजा तहरीम आलम, मोहम्मद लतीफ, अर्शद जिया, जावेद, मकसद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी एयरपोर्ट पर उपस्थित रहे और हाजियों के स्वागत में भाग लिया.
हाजियों ने अपनी हज यात्रा के सफल समापन पर खुशी का इज़हार किया तथा सऊदी अरब सरकार द्वारा हज के दौरान उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की. सभी हाजियों ने अपने हज के मुकम्मल होने पर अल्लाह का शुक्र अदा किया.
झारखंड राज्य हज समिति के कर्मियों की देखरेख में हाजियों के सामान एवं ज़मज़म जल का सुव्यवस्थित वितरण किया गया. हावड़ा जाने वाले हाजियों के लिए अलग बसों तथा हज हाउस जाने वाले हाजियों के लिए अलग बसों की व्यवस्था की गई थी. पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई और किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई. सभी हाजी सकुशल अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए.
उल्लेखनीय है कि 2 जून 2026 को पहली उड़ान से 15 हाजी लौटे थे. आज 4 जून को 300 हाजियों का यह काफिला पहुंचा है. वहीं आज रात्रि में एक अन्य उड़ान से लगभग 298 हाजियों के आगमन की संभावना है.
यह भी पढ़ें: PLFI नक्सली आलोक यादव उर्फ चंद्रशेखर कुमार यादव को हाई कोर्ट से मिली जमानत, पिछले साल किया था आत्मसमर्पण