राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क:चंदवा (लातेहार). झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को होम-टू-रोल विजिट कार्यक्रम के तहत लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से सीधा संवाद किया और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया का जायजा लिया.
चंदवा प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर उपायुक्त संदीप कुमार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इसके बाद के. रवि कुमार ने राजकीय बालिका मध्य विद्यालय, चंदवा स्थित मतदान केंद्र संख्या 328 तथा प्राथमिक विद्यालय, जमीरा स्थित मतदान केंद्र संख्या 347 का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों से मतदान केंद्रों पर चल रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की.
निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने क्षेत्र के विभिन्न घरों में जाकर ग्रामीणों एवं मतदाताओं से बातचीत की. उन्होंने मतदाताओं से जानकारी ली कि उनका मतदाता पहचान पत्र (EPIC) बना है या नहीं. इसके अलावा BLO द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म-6 उपलब्ध कराने, उसे भरवाने और जमा कराने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की.
उन्होंने निर्वाचन कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. उन्होंने मतदाताओं से भी निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदवा चंदन प्रसाद, अंचल अधिकारी चंदवा सुमित झा, संबंधित BLO एवं अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: झारखंड स्कूल आइडल में पलामू की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, DEO एवं DSE ने किया सम्मानित