न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: सर्दियों का मौसम हरी सब्जियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होता. पालक, बथुआ, सरसों के साथ-साथ मेथी भी इसी मौसम में खूब मिलती हैं. ताजी मेथी की खुशबू और स्वाद हर सब्जी को खास बना देता हैं. सर्दियों में इसके दाम भी कम होते है, इसलिए लोग इसे ज्यादा मात्रा में खरीद लेते है लेकिन जैसे ही ठंड खत्म होती है, मेथी जल्दी खराब होने लगती है और मजबूरी में उसे फेंकना पड़ता हैं.
अगर आप भी हर साल यही परेशानी झेलते है तो अब चिंता की जरूरत नहीं हैं. कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से आप सर्दियों की मेथी को सुखाकर पूरे साल सुरक्षित रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
स्टोर करने से पहले मेथी की सही सफाई जरूरी
मेथी को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए सबसे पहला और जरूरी कदम है उसकी अच्छी तरह सफाई. सबसे पहले मेथी की डंठल अलग कर लें और पत्तों को साफ पानी में अच्छी तरह धो लें, ताकि मिट्टी और गंदगी पूरी तरह निकल जाए. धोने के बाद पत्तियों को कपड़े या छलनी में फैलाकर हल्का सुखा लें, ताकि उनमें नमी बिल्कुल न रहे.
एयर फ्रायर से मिनटों में सुखाएं मेथी
अगर आपके पास एयर फ्रायर है, तो मेथी सुखाने का यह सबसे आसान तरीका हैं. साफ और सूखी मेथी को एयर फ्रायर में 110 डिग्री सेल्सियस पर करीब 15 मिनट तक रखें. बीच-बीच में पत्तियों को हल्का हिलाते रहें, ताकि वे हर तरफ से समान रूप से सूख जाएं. जब पत्तियां पूरी तरह कड़क और सूखी हो जाएं, तो समझ लें कि मेथी स्टोर करने के लिए तैयार हैं.
बिना एयर फ्रायर भी ऐसे सुखाएं मेथी
अगर आपके पास एयर फ्रायर नहीं है, तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं हैं. आप मेथी को पारंपरिक तरीके से भी सुखा सकते हैं. साफ की हुई मेथी को छांव में किसी साफ कपड़े या ट्रे पर फैलाकर रखें. 4 से 5 दिन में मेथी पूरी तरह सूख जाती हैं. ध्यान रखें कि इसे सीधी धूप में न रखें, ताकि रंग और खुशबू खराब न हो.
सही कंटेनर में करें स्टोरेज
पूरी तरह सूख जाने के बाद मेथी को किसी साफ, सूखे और एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें. कंटेनर का ढक्कन अच्छी तरह बंद होना चाहिए, ताकि नमी और हवा अंदर न जा सके. इससे मेथी की खुशबू और स्वाद लंबे समय तक बना रहता हैं.
फ्रिज में रखने से बढ़ेगी शेल्फ लाइफ
अगर आप चाहें तो सूखी मेथी को फ्रिज में भी स्टोर कर सकते हैं. इससे यह कई महीनों तक सुरक्षित रहती हैं. जरूरत पड़ने पर थोड़ी-सी मेथी निकालकर दाल, सब्जी, पराठा या किसी भी रेसिपी में डालकर स्वाद बढ़ाया जा सकता हैं.
यह भी पढ़े: बंगाल में बम चलता है, कानून नहीं! लोकसभा में बहस के दौरान वित्त मंत्री का ममता सरकार पर तीखा प्रहार