न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: भारत में जब भी लोकसभा चुनाव होता है तो देश के लोग ही नहीं, विदेश के लोगों की भी नजदीकी नजर इस पर रहती है. लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि भारत के किसी राज्य यानी पश्चिम बंगाल के चुनाव पर विदेश नजरें गड़ाए हुए है. देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद एग्जिट पोल आ चुके हैं और सबने अपना अनुमान भी जता दिया है कि कहां किस पार्टी की सत्ता में वापसी हो रही है और कहां किसकी सरकार जा रही है. लेकिन एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियां ही नहीं, चुनावों में एक बाजार, जिसे सट्टा बाजार कहते हैं, पूरी तरह से सक्रिय रहता है. भारत में राजस्थान का फलोदी सट्टा बाजार काफी चर्चित है. और पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर वहां खूब धनवर्षा भी हो रही है और जीत-हार के अनुमान भी लग रहे हैं. इस बीच पश्चिम बंगाल के चुनाव पर विदेश से एक हैरान करने वाली खबर आ रही है.
खबर है कि अमेरिका का सट्टा बाजार पोलीमार्केट पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से गर्म है. सिर्फ अमेरिकन ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर सट्टा लग रहा है. सट्टा कितना जोरदार तरीके से लग रहा है, इसका अनुमान इसी से लगा सकते हैं कि पश्चिम बंगाल के चुनाव पर पोलीमार्केट में 4.8 मिलियन डॉलर का सट्टा लग चुका है. इतना ही नहीं, पोलीमार्केट सट्टा बाजार में पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़े-बड़े खिलाड़ी भी मैदान में उतर चुके है. आप इसी से अंदाजा लगा सकते हैं बड़े खिलाड़ियों में कैरोस हंटर नामक एक प्रोफाइल का जिक्र सामने आया है, जो बीजेपी की जीत पर 1,05,417 शेयर खरीद चुका है.
भारत के, वह भी यहां के किसी राज्य के चुनाव पर 4.8 मिलियन डॉलर का सट्टा बता रहा है कि विदेश में भी बैठे लोग पश्चिम बंगाल के चुनाव को कितनी उत्सुकता के साथ देख रहे हैं. पोलीमार्केट के बारे में जो भी जानकारी सामने आयी है वह बताती है कि ऐसा पहली बार हुआ है किसी भी देश के किसी राज्य के चुनाव पर लोगों की न सिर्फ इतनी उत्सुकता दिख रही है, बल्कि उसने सट्टाबाजार को भी हिलाकर रख दिया है.
चलिए अब आपको यह भी बता देते हैं कि पोलीमार्केट सट्टा बाजार पश्चिम बंगाल चुनाव में किसकी जीत चाहता है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगाए जा रहे बड़े-बड़े दांव बीजेपी की ओर ज्यादा झुके नजर आ रहे हैं. क्योंकि पोलीमार्केट में 56 प्रतिशत सट्टा बीजेपी की जीत को लेकर लगा है. वहीं टीएमसी की बात करें तो 43 प्रतिशत सट्टेबाज उसकी जीत चाह रहे हैं. बाकी के लिए 1 प्रतिशत का भाव किसी गिनती में नहीं आता है. फिलहाल हम-आप अब 4 मई का इन्तजार करते हैं, क्योंकि इसी दिन दूसरे राज्यों के साथ पश्चिम बंगाल का भी चुनाव नतीजा आने वाला है. तभी पता चलेगा कि पोलीमार्केट का सट्टा बाजार किसको जीत के लड्डू का स्वाद चखाने वाला है.
यह भी पढ़ें: क्या आप भी Facebook में Job का सजाते हैं सपना, तो जानिए क्या है चयन प्रक्रिया और कितनी मिलती है Salary?