न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने काफी तबाही मचाई है. अचानक आई इस बाढ़ में कम से कम 1000 लोगों के बह जाने की आशंका है, वहीं 30 पुलिसकर्मी भी लापता बताए जा रहे हैं. हालांकि इतनी संख्या में लापता लोगों के बारे में कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है.
बताया जा रहा है कि तिब्बत की ओर से आए फ्लश फ्लड के कारण नेपाल में ताबाही के हालात बने हैं. रसुवा जिले के टिमुरे बाजार में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं. यहां पर बड़े स्तर पर नुकसान की आशंका जताई जा रही है. तेज बहाव में लोगों के वाहन और सामान बहते नजर आए, एक पुल भी टूटने की खबर है. तबाही के ताजा हालात के बाद काठमांडू उपत्यका ट्रैफिक पुलिस ने काठमांडू से रसुवा, नुवाकोट, चितवन और धादिङ जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है.
उधर, नेपाल के राष्ट्रीय आपदा विभाग ने रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, चितवन और गोरखा में नदी तटों के पास रहने वाले निवासियों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की चेतावनी जारी की है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने राहत बचाव के आदेश दे दिए हैं. नेपाल के पीएम ने सेना को तैनात करने का आदेश दिया है. फिलहाल आपदा प्रबंधन एजेंसी के साथ मेडिकल टीमें, स्काउट्स और रेड क्रॉस की टीमें मिलकर काम कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस सिपाही भर्ती-2015: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, 4 सप्ताह में नियुक्ति-पत्र जारी करने का निर्देश