न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक मॉल के भीतर लिफ्ट खराब होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया. सीताबर्डी इलाके स्थित फॉर्च्यून मॉल में अचानक लिफ्ट रुकने से उसमें सवार 6 लोग अंदर फंस गए. काफी देर तक मदद नहीं मिलने पर हालात बिगड़ने लगे और आखिरकार लोगों ने लिफ्ट का कांच तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला.
घटना उस वक्त हुई जब मॉल की लिफ्ट बिना किसी चेतावनी के अचानक बंद हो गई. लिफ्ट में मौजूद छह लोग एक बंद डिब्बे की तरह अंदर फंस गए. कुछ ही देर में ऑक्सीजन की कमी और घुटन के कारण उनकी हालत बिगड़ने लगी.
सांस लेने में दिक्कत, बढ़ती रही घबराहट
फंसे हुए लोगों ने बताया कि लंबे समय तक अंदर बंद रहने से सांस लेने में परेशानी होने लगी और घबराहट तेजी से बढ़ गई. लिफ्ट के भीतर हवा का प्रवाह बंद होने से स्थिति और गंभीर हो गई. पीड़ितों ने कई बार मॉल प्रबंधन को फोन कर मदद मांगी, लेकिन आरोप है कि समय पर कोई सहायता नहीं पहुंची. लगातार देरी के कारण अंदर फंसे लोगों की हालत और खराब होती चली गई. जब मॉल में मौजूद अन्य लोगों को इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने विरोध जताना शुरू कर दिया. बढ़ते दबाव के बीच आखिरकार लिफ्ट का शीशा तोड़ा गया और अंदर फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई.
यह भी पढ़े: झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, निजी जमीन की मापी पर फिलहाल रोक, सरकार से पूछा किस कानून के तहत हो रही मापी?