न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: हर साल 26 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का कर्तव्य पथ देशभक्ति, सैन्य शौर्य और सांस्कृतिक विविधता का जीवंत मंच बन जाता हैं. गणतंत्र दिवस परेड 2026 भी इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं. इस वर्ष परेड की मुख्य थीम ‘वंदे मातरम्’ रखी गई है, जो राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल बनाएगी. अगर आप भी इस ऐतिहासिक परेड को अपनी आंखों से देखना चाहते है तो टिकट बुकिंग से जुड़ी हर जरूरी जानकारी यहां जानिए.
कहां से मिलेंगे गणतंत्र दिवस परेड के टिकट
गणतंत्र दिवस परेड (26 जनवरी), बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल (28 जनवरी) और मुख्य बीटिंग रिट्रीट समारोह (29 जनवरी) के टिकट रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल aamantran.mod.gov.in पर उपलब्ध हैं. यहां से आप सीधे ऑनलाइन टिकट खरीद सकते हैं.
कब तक कर सकते है टिकट की बुकिंग?
गणतंत्र दिवस परेड 2026 के लिए टिकटों की बिक्री 5 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी हैं. टिकट खरीदने की अंतिम तिथि 14 जनवरी तय की गई हैं. ध्यान देने वाली बात यह है कि टिकटों की बिक्री हर दिन सुबह 9 बजे शुरू होती है और सीटें सीमित होने के कारण जल्दी समाप्त हो सकती हैं. इसलिए देर किए बिना बुकिंग करना बेहतर रहेगा.
कितनी है टिकट की कीमत?
गणतंत्र दिवस से जुड़े कार्यक्रमों के लिए टिकट की कीमत आम लोगों की पहुंच में रखी गई हैं. गणतंत्र दिवस की परेड 26 जनवरी को होनी है, जिसके टिकट की कीमत 20 रुपये और 100 रुपये हैं. सीट की पोजिशन के हिसाब से टिकट की कीमत में यह अंतर हो सकता हैं. यानी सबसे सस्ता टिकट 20 रुपये में लिया जा सकता हैं. वहीं, 28 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल होगी, जिसका टिकट 20 रुपये का हैं. इसके अलावा 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट के टिकट की कीमत 100 रुपये हैं.
घर बैठे कैसे करें ऑनलाइन टिकट बुकिंग?
ऑनलाइन टिकट बुकिंग सबसे आसान और सुविधाजनक तरीका हैं. इसके लिए आपको aamantran.mod.gov.in वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. जहां नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, पता और ईमेल आईडी भरनी होगी. फिर एक वैध फोटो पहचान पत्र अपलोड करना होगा. भुगतान पूरा होने के बाद डिजिटल टिकट उपलब्ध हो जाएगा. इसके अलावा जो लोग ऑनलाइन बुकिंग नहीं करना चाहते, उनके लिए दिल्ली में कई जगह ऑफलाइन टिकट काउंटर बनाए गए हैं.
टिकट काउंटर का समय
- सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक
- फिर 2 बजे से शाम 5 बजे तक
कहां मिलेगा टिकट?
- सेना भवन (गेट नंबर 5)
- शास्त्री भवन (गेट नंबर 3)
- जंतर-मंतर (मुख्य द्वार)
- संसद भवन रिसेप्शन
- राजीव चौक मेट्रो स्टेशन (डी ब्लॉक)
- कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन
चाहे आप टिकट ऑनलाइन लें या ऑफलाइन, फोटो पहचान पत्र अनिवार्य हैं. इनमें से आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट जैसे कोई एक दस्तावेज मान्य होगा.

यह भी पढ़े: डोडमा बाजार टांड़ के पास कार–ट्रक की टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर