न्यूज़11 भारत
नेशनल/डेस्क: राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर कल मंगलवार को जोरदार धमाका हुआ. अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को बम से उड़ाने की साजिश रची गयी थी. गनीमत रही कि ट्रेन के गुजरने के बाद धमाका हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. धमाका इतना भीषण था कि पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए. स्लीपर के अंदर लगा सरिया भी बाहर निकल आया और रेलवे लाइन के क्लिपर पटरी से अलग हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ. बताया जा रहा है कि अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ. अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने की आशंका जताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर के एसपी हरि शंकर मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एटीएस और एफएसएल की टीमें भी मौके पर पहुंची. एफएसएल टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जरूरी सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं. बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया.
एसपी हरि शंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल धमाके के पीछे किसका हाथ है और इसका मकसद क्या था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. जांच एजेंसियां रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं.
इसे भी पढ़ें: नेपाल में हवा में दो हेलीकॉप्टर की टक्कर, हादसे में एक विदेश नागरिक की मौत, एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर