न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में रविवार रात जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे (NH-48) पर भयावह हादसा हो गया. पावटा क्षेत्र के बस स्टैंड के पास केमिकल से भरे एक टैंकर और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद टैंकर पलट गया और उसमें भरा केमिकल सड़क पर फैलते ही आग भड़क उठी. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब एक किलोमीटर तक हाईवे का हिस्सा इसकी चपेट में आ गया.
ड्राइवरों की सूझबूझ से टली बड़ी जनहानि
हादसे के वक्त हालात बेहद डरावने हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि टैंकर और ट्रेलर दोनों के चालक समय रहते वाहनों से बाहर निकलने में सफल रहे. इससे एक बड़ी जनहानि टल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग दूर से ही नजारा देखने को मजबूर हो गए.
केमिकल रिसाव से आग ने लिया विकराल रूप
टक्कर के बाद टैंकर से केमिकल का भारी रिसाव शुरू हो गया. हाईवे पर फैला ज्वलनशील पदार्थ आग को लगातार बढ़ाता गया. आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि सड़क पर बहता केमिकल खुद ही आग की तरह फैलता चला गया. देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया.
दमकल विभाग की कड़ी मशक्कत, दो घंटे बाद राहत
घटना की सूचना मिलते ही प्रागपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे के दोनों ओर से यातायात पूरी तरह रोक दिया गया. आग पर काबू पाने के लिए आधा दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गई. बहरोड़, नीमराणा और शाहजहांपुर से भी फायर ब्रिगेड की टीमें बुलाई गई. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. हादसे के चलते जयपुर-दिल्ली हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया. दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई. देर रात तक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. आग बुझने और सड़क को सुरक्षित घोषित करने के बाद ही धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया.
पुलिस का बयान, हादसे की जांच जारी
प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम चौधरी ने बताया कि टैंकर जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था, जबकि ट्रेलर दिल्ली से जयपुर की तरफ आ रहा था. पावटा बस स्टैंड के पास टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गया. टक्कर के बाद टैंकर पलट गया और केमिकल सड़क पर फैलने से आग लग गई. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही हैं.
यह भी पढ़े: Jharkhand Weather: झारखंड में ठंड का असर कमजोर, हल्का कोहरा और खुली धूप से मिली बड़ी राहत