न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: देश में महिलाओं की सेहत को मजबूत करने और उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए केंद्र सरकार एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही हैं. सरकार जल्द ही पूरे भारत में HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करने जा रही हैं. इसका मुख्य उद्देश्य बेटियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से समय रहते बचाना हैं.
कितने बच्चों को मिलेगा लाभ?
जानकारी के मुताबिक, इस अभियान के तहत हर साल लगभग 1.15 करोड़ 14 साल की लड़कियों को मुफ्त में HPV वैक्सीन दी जाएगी. यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध होगा. प्रशिक्षित डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ टीकाकरण और उसके बाद की निगरानी सुनिश्चित करेंगे.
सर्वाइकल कैंसर और HPV टीका क्यों जरूरी है?
भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसरों में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर हैं. हर साल देश में करीब 80,000 नए मामले सामने आते है और 42,000 से अधिक महिलाओं की मौत हो जाती हैं. अधिकतर मामलों में यह बीमारी देर से पकड़ में आती है, जिससे उपचार कठिन हो जाता हैं. डॉक्टरों के अनुसार, यह कैंसर HPV वायरस के संक्रमण से होता है, खासकर HPV के टाइप 16 और 18 इसके लिए जिम्मेदार हैं. अच्छी खबर यह है कि समय पर टीकाकरण और नियमित जांच से इस कैंसर को लगभग पूरी तरह रोका जा सकता हैं.
कौन सा टीका लगेगा और इसकी खासियत?
सरकार इस अभियान में Gardasil नाम का HPV टीका इस्तेमाल करेगी. यह क्वाड्रिवैलेंट वैक्सीन है, जो HPV के चार प्रकार- 16, 18, 6 और 11 से सुरक्षा प्रदान करती हैं. यह नॉन-लाइव टीका है, यानी इससे कोई संक्रमण नहीं होता. दुनिया भर में 2006 से अब तक 50 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी है और वैज्ञानिक शोध बताते है कि एक डोज भी लंबे समय तक सुरक्षा देती हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने HPV टीकाकरण को सर्वाइकल कैंसर खत्म करने की वैश्विक रणनीति का अहम हिस्सा माना हैं.
विश्वभर में करीब 160 देश अपने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में HPV वैक्सीन शामिल कर चुके हैं. इनमें से 90 से अधिक देश एक डोज वाले शेड्यूल का पालन कर रहे हैं. इन देशों में HPV संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर के मामलों में महत्वपूर्ण कमी देखी गई हैं.
सरकार की अपील
सरकार ने माता-पिता और अभिभावकों से आग्रह किया है कि जब यह अभियान शुरू हो, तो अपनी 14 साल की बेटियों को जरूर टीका लगवाएं. HPV वैक्सीन केवल एक इंजेक्शन नहीं है, बल्कि यह बेटियों को भविष्य में कैंसर से बचाने की मजबूत ढाल हैं.
यह भी पढ़े: Jharkhand Weather: झारखंड में आंधी और वज्रपात की चेतावनी, 20 जिलों में होगी झमाझम बारिश