न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: आईपीएल की चर्चित फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को लेकर एक हैरान करने वाला दावा सामने आया हैं. तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात ठग सुकेश चंद्रशेखर ने ग्लोबल ड्रिंक्स कंपनी डायजियो (Diageo) को पत्र लिखकर आरसीबी को खरीदने की पेशकश की हैं. डायजियो फिलहाल आरसीबी की प्रमोटर कंपनी हैं. सुकेश ने अपनी कंपनी LS Holdings के जरिए 1 अरब अमेरिकी डॉलर, यानी करीब 8,300 करोड़ रुपये का ऑल-कैश ऑफर देने का दावा किया हैं.
सुकेश ने अपने पत्र में लिखा है कि उसका प्रस्ताव हाल ही में किसी अन्य आईपीएल टीम की बिक्री से कहीं अधिक हैं. उसने यह भी कहा कि उसका ऑफर सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ और पूनावाला फिनकॉर्प के अध्यक्ष अदार पूनावाला के संभावित प्रस्ताव से ज्यादा व्यावहारिक और रियलिस्टिक हैं. हाल के दिनों में अदार पूनावाला के आरसीबी खरीदने की अटकलें सामने आई थी.
पत्र में सुकेश ने साफ किया है कि यह सौदा पूरी तरह ऑल-कैश होगा. इसमें टीम के सभी अधिकार, ट्रेडमार्क, खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट और लीग से जुड़े एंटाइटलमेंट शामिल होंगे. उसने दावा किया कि वह किसी भी थर्ड पार्टी फंडिंग के बिना 48 घंटे के भीतर फुल सेटलमेंट करने में सक्षम हैं. हालांकि यह ऑफर ड्यू डिलिजेंस और रेगुलेटरी अप्रूवल्स के अधीन होगा.
LS Holdings की अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी का दावा
सुकेश ने अपनी कंपनी LS Holdings को ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स में रजिस्टर्ड बताया है, जिसकी ऑपरेशनल मौजूदगी अमेरिका, लंदन, दुबई, सिंगापुर, हॉन्गकॉन्ग, रूस और स्वीडन में हैं. उसने यह भी कहा कि कंपनी पर कोई कानूनी मामला नहीं है और जरूरत पड़ने पर बैलेंस शीट, टैक्स कंप्लायंस और अन्य दस्तावेज साझा किए जा सकते हैं. इतना ही नहीं, उसने पूरा अमाउंट एस्क्रो अकाउंट में रखने की भी पेशकश की हैं.
सुकेश ने आरसीबी के साथ अपनी भावनात्मक जुड़ाव का भी जिक्र किया. उसने लिखा कि RCB उसकी होम टीम है और उसके दिल के बेहद करीब हैं. अगर यह डील पूरी होती है, तो यह उन सभी युवाओं के लिए मिसाल बनेगी जो बड़े सपने देखते हैं.
पत्र का सबसे चर्चित हिस्सा वह रहा, जिसमें सुकेश ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का जिक्र किया. उसने लिखा, “मेरी पार्टनर और लेडी लव जैकलीन का सपना था कि उनकी कोई स्पोर्ट्स टीम हो. आईपीएल टीम से बड़ा कुछ नहीं. अगर यह अधिग्रहण हो जाता है, तो यह जैकलीन के लिए मेरी तरफ से गिफ्ट होगा.” सुकेश ने अपने ऊपर चल रहे मामलों को लेकर भी सफाई दी हैं. उसने कहा कि उसके खिलाफ लगे आरोप अभी सिर्फ आरोप है, किसी अदालत में साबित नहीं हुए हैं. उसने भरोसा दिलाया कि वह IPL गवर्निंग काउंसिल और BCCI के सभी नियमों का पालन करेगा. अपने पत्र के अंत में सुकेश ने डायजियो से लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी करने की मांग की है, ताकि आरसीबी के अधिग्रहण को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू की जा सके.
यह भी पढ़े: रील बनाने से रोका तो उजड़ गया घर, पत्नी ने शादी की पगड़ी से पति का गला घोंटकर कर दी हत्या